भारत जोड़ो यात्रा को लेकर एमपी कांग्रेस की तैयारियां पूरी, कमलनाथ ने इन नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी

बुराहानपुर के रास्ते मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा, डॉ गोविंद सिंह को मिली सुरक्षा की जिम्मेदारी, भोजन व्यवस्था देखेंगे संजय शुक्ला, महेंद्र जोशी को मिली इंदौर कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी।

Updated: Nov 05, 2022, 07:06 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियां लगभग पूरी कर ली है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने शुक्रवार को यात्रा संबंधित जिम्मेदारियों का बंटवारा किया। पूर्व सीएम ने यात्रा की सुरक्षा की जिम्मेदारी नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह को दी है। जबकि भोजन का व्यवस्था विधायक संजय शुक्ला करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी कार्यव्यस्था आवंटन आदेश के मुताबिक सुरेश पचौरी को योजना एवं समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रशासन, सुरक्षा और पुलिस समन्वय डॉ गोविंद सिंह करेंगे। स्वागत कार्यक्रम के अलावा बुरहानपुर, खंडवा और खरगोन में यात्रा का समन्वय अरुण यादव को बनाया गया है। जबकि पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह को उप-यात्रा का समन्वयक बनाया गया है।

बाबा साहब अम्बेडकर की जन्मस्थली महू में कार्यक्रम की जिम्मेदारी विधायक जीतू पटवारी को दी गई है। उज्जैन में कार्यक्रम की जिम्मेदारी शोभा ओझा और सज्जन सिंह वर्मा को दी गई है। भारत यात्रियों के भोजन की व्यवस्था विधायक संजय शुक्ला करेंगे। वहीं परिवहन व्यवस्था निलय डागा और सुभाष सोजतिया करेंगे। आवास व्यवस्था विधायक रवि जोशी को संभालना है। नागरिक, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से समन्वय बिठाने का काम संदीप दीक्षित को दिया गया है।

ओंकारेश्वर दर्शन एवं नर्मदा आरती कार्यक्रम की जिम्मेदारी राजनारायण सिंह एवं रवि जोशी को दी गई है। जबकि शहीद टंट्या मामा जन्मस्थली कार्यक्रम की जिम्मेदारी झूमा सोलंकी और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को दी गई है। बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में यह यात्रा 20 नवंबर को बुरहानपुर के रास्ते मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।