आदिवासी वोटबैंक पर बीजेपी की नजर, जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से बात हुई है। मैंने उन्हें मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण दिया। हमारा सौभाग्य है कि राष्ट्रपति ने मध्यप्रदेश का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।

Updated: Nov 13, 2022, 11:04 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब एक साल का समय बचा है। चुनाव पूर्व सत्ताधारी दल बीजेपी आदिवासियों को साधने के लिए तमाम हथकंडे अपना रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के लिए सीएम शिवराज को आमंत्रित किया है।

सीएम चौहान ने रविवार को ट्वीट किया, 'आज मेरी महामहिम राष्ट्रपति महोदया श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी से बात हुई। मैंने महामहिम राष्ट्रपति जी को मध्य प्रदेश आने का निमंत्रण दिया। हमारा सौभाग्य है कि मध्यप्रदेश का निमंत्रण महामहिम राष्ट्रपति महोदया जी ने स्वीकार किया है। महामहिम राष्ट्रपति महोदया श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का मध्य प्रदेश का प्रथम आगमन हमारे लिए गौरव का विषय है।'

यह भी पढ़ें: मैं हर रोज गालियां खाता हूं, पिछले 22 साल से वैरायटी-वैरायटी की गालियां खा चुका हूं: पीएम मोदी

सीएम चौहान ने आगे लिखा कि, 'महामहिम राष्ट्रपति जी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शहडोल पधारेंगी। संपूर्ण मध्य प्रदेश राष्ट्रपति महोदया श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का उद्बोधन सुनेगा। मध्य प्रदेश की धरती पर महामहिम राष्ट्रपति महोदया का स्वागत है।'

बता दें कि बीजेपी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मना रही है। इस मौके पर शहडोल में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश की सभी पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। शहडोल के कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। बीजेपी आदिवासी समुदाय में जनाधार खो चुकी है। यदि आदिवासी समुदाय को साधने में बीजेपी नाकाम रहती है तो चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आएंगे।