धार जिले के मोहनखेड़ा तीर्थ पहुंचीं प्रियंका गांधी, देश की शांति, समृद्धि और सौहार्द की प्रार्थना की
कांग्रेस के लिए मोहनखेड़ा तीर्थ शुभ माना जाता है, प्रियंका से पहले उनकी इंदिरा गांधी, मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी भी यहां आ चुके हैं।

धार। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को धार जिले में स्थित मोहनखेड़ा जैन तीर्थ पहुंचीं। यहां उन्होंने पूजन कर देश की शांति, समृद्धि और सौहार्द की प्रार्थना की। प्रियंका यहां आने वाली गांधी परिवार की चौथी सदस्य हैं। उनकी दादी इंदिरा गांधी, मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी भी यहां आ चुके हैं।
सोनिया गांधी और राहुल गांधी यहां जनसभा भी कर चुके हैं। कुछ देर में प्रियंका गांधी भी सभा को संबोधित करेंगी। वह यहां तीर्थ जैन तीर्थ में दर्शन के बाद 3 किलोमीटर दूर राजगढ़ में आदिवासी अंचल में जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रियंका गांधी आदिवासी जननायक टंट्या मामा की प्रतिमा का अनावरण भी करेगी।
कांग्रेस महासचिव @priyankagandhi जी ने श्री मोहनखेड़ा जैन तीर्थ में दर्शन कर देश की शांति, समृद्धि और सौहार्द की प्रार्थना की।
— Congress (@INCIndia) October 5, 2023
धार, मध्य प्रदेश pic.twitter.com/2VeyQWRLVo
साल 1977 में इंदिरा गांधी मोहनखेड़ा आईं थीं। उनका हेलीकॉप्टर खराब हो गया था। ऐसे में इंदौर से वह सड़क मार्ग से यहां आईं थीं। मोहनखेड़ा में दर्शन करने के बाद इंदिरा गांधी मनावर पहुंची थीं। वहां उन्होंने सभा को संबोधित किया था। वहीं, साल 2000 में सोनिया गांधी इस क्षेत्र में आई थी और उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया था। 130 साल से भी ज्यादा पुराने इस जैन समाज के तीर्थ स्थल को कांग्रेस शुभ मानती है।
चुनाव के लिहाज से भी प्रियंका का यह दौरा बेहद अहम है। इंदौर संभाग में धार जिला कांग्रेस के लिए शुरू से ही महत्वपूर्ण रहा है। एक समय में धार जिले की आदिवासी सीटों पर कांग्रेस का कब्जा रहा। बीते कुछ साल में कांग्रेस के इस गढ़ में भाजपा ने सेंधमारी की। 2018 में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार बनाने में भी धार ने मुख्य भूमिका निभाई थी। तब जिले की 7 में से 6 सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी जीते थे। उस समय जिले में कांग्रेस का एक तरफा माहौल भी था। कांग्रेस के विधायक 30 हजार से लेकर 60 हजार वोटों तक से भी जीते थे। इस बार भी कांग्रेस को धार समेत पूरे मालवा-निमाड़ क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।