राहुल गांधी को दी थी बम से उड़ाने की धमकी, इंदौर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश में प्रवेश करने से पहले राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी देने के आरोपी शख्स को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Updated: Apr 28, 2023, 10:23 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मध्य प्रदेश के इंदौर रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ऐशीलाल झाम के रूप में हुई है। ऐशीलाल ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दी थी।

दरअसल, पिछले साल 18 नवंबर को एक पत्र के माध्यम से राहुल गांधी को इंदौर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बम से उड़ाने के धमकी दी गई थी। धमकी देने वाले आरोपी दया उर्फ ऐशीलाल झाम को उज्जैन के नागदा इलाके से 24 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, 29 नवंबर को कोर्ट ने जमानत दे दी गई थी। जिसके बाद जूनी इंदौर थाना द्वारा आरोपी पर एनएसए की कार्रवाई की गई थी। तब से आरोपी फरार चल रहा था। जिसे क्राइम ब्रांच ने इंदौर के रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया।

बताया जा रहा है कि 60 वर्षीय आरोपी कई महीने से देश के विभिन्न शहरों और गुरुद्वारों में छिपकर फरारी काट रहा था और अब इंदौर के रेलवे स्टेशन से कहीं जाने की फिराक में था। तभी मुखबिर की सूचना पर आरोपी को क्राइम ब्रांच पुलिस ने उसे भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच के अधिकारी आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।

बता दें कि आरोपी ने मिठाई की दुकान पर धमकी भरा पत्र रखा था जिसमें सबसे ऊपर वाहे गुरु लिखा था। फिर नीचे 1984 में हुए सिख दंगे का जिक्र किया गया था। पत्र में ये भी लिखा गया कि किसी पार्टी ने इस जुल्म के खिलाफ आवाज नहीं उठाई। फिर कांग्रेस नेता कमलनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद राहुल गांधी को बम से उड़ाने के धमकी दी गई थी।