राहुल गांधी को मंदिर जाने से रोका गया, ये कैसा रामराज्य है, पीएम मोदी पर बरसे दिग्विजय सिंह

भाजपा आने वाले समय में लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। हम असम में राहुल गांधी और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ हुई अभद्रता की निंदा करते हैं: जीतू पटवारी

Updated: Jan 23, 2024, 06:23 PM IST

भोपाल। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में असम की भाजपा सरकार द्वारा लगातार विघ्न डालने की कोशिशें की जा रही है। मंगलवार सुबह यात्रा गुवाहाटी पहुंची, जिसे असम पुलिस ने रोक दिया। इसके पहले सोमवार को राहुल गांधी को मंदिर में प्रवेश की इजाजत नहीं दी गई थी। इसे लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि ये कैसा रामराज्य है, जिसमें राहुल गांधी को मंदिर जाने से रोका जाता है।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर असम पुलिस के व्यवहार के खिलाफ मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भोपाल में मौन सत्याग्रह का आयोजन किया था। कांग्रेस जन काला बिल्ला लगाकर रोशनपुरा चौराहे पर बैठे थे। धरना संपन्न होने के उपरांत पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह कैसा राम राज्य है? एक ओर राम मंदिर को लेकर कहा जाता है जो जहां है वहां उसे मंदिर में पूजा करें। राहुल गांधी असम में पूजन करने मंदिर जाते हैं तो उन्हें रोक दिया जाता है। 

दिग्विजय सिंह ने आगे कहा, 'अयोध्या जाने का आमंत्रण राहुल गांधी को नहीं मिला था। राहुल गांधी ने असम में मंदिर जाने के लिए पहल की, लेकिन उन्हें क्यों रोक दिया गया? इसका उत्तर ना भाजपा के पास है। ना भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री के पास है और ना प्रधानमंत्री के पास है। राम राज्य की यह लोग बात करते हैं, क्या यही राम राज्य है? हम अकेले मंदिर में जाएंगे और किसी को नहीं जाने देंगे। इसी अन्याय के खिलाफ कांग्रेस पार्टी भारत जोड़ो यात्रा चल रही है।'

वहीं, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा आने वाले समय में लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान में मत देने का अधिकार दिया है। भाजपा इस विचार और भावना को आत्मसात नहीं करती है। उनके जितने भी संगठन है उनमें लोकतंत्र की व्यवस्था नहीं होती है। हम असम में राहुल गांधी और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ हुई अभद्रता की निंदा करते हैं।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि जिस तरह से देश में माहौल चल रहा है, वह लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश है। बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था, महंगाई की बात नहीं हो रही है। आज जिस तरह से राहुल गांधी की यात्रा को रोका गया। आज सुभाष चंद्र बोस की जयंती है और मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि आज गांधी की जगह सुभाष चंद्र बोस बनना पड़ेगा, क्योंकि इस देश और लोकतंत्र को बचाना है।2024 के बाद ऐसा ना हो के देश में चुनाव ही ना हो। EVM बंद होगी तभी देश का लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा।