राजगढ़ की बेटी ने साइकिल से नापा भारत, पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने की मुलाकात

राजगढ़ की बेटी आशा मालवीय ने साइकिल से देश के 29 राज्यों का भ्रमण किया है। उन्होंने 26 हजार किलोमीटर की यात्रा कर देश भर में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया है।

Updated: Sep 15, 2023, 12:44 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के राजगढ़ की साइकिल गर्ल आशा मालवीय ने साइकिल से भारत यात्रा कर इतिहास बनाया है। आशा मालवीय ने साइकिल से देश के सभी 29 राज्यों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने 26 हजार किलोमीटर का सफर तय किया। प्रदेश की इस जांबाज बेटी से पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को मुलाकात की और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शुक्रवार को अशोकनगर रवाना होने से पहले पीसीसी चीफ कमलनाथ और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह भोपाल स्टेट हैंगर पर आशा मालवीय से मिले। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने पीसीसी चीफ कमलनाथ को होनहार बेटी आशा की उपलब्धियों के बारे में बताया। कमलनाथ ने आशा को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी व उसके साहस की सराहना करते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकानाएँ दी। 

बता दें कि राजगढ़ की पर्वतारोही आशा मालवीय ने महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य के साथ समूचे देश के अलग अलग राज्यों से होकर 26 हजार किलोमीटर की साइकिल यात्रा सफलता पूर्वक सम्पन्न की है। आशा मालवीय ने साईकिलिंग यात्रा के दौरान मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडू, आंधप्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, झारखंड, वेस्ट बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजारम, त्रिपुरा, मेघालय, असम, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू एवं कश्मीर का सफर कर नई दिल्ली से भोपाल लौंटी हैं।

आशा ने 1 नवंबर 2022 को भोपाल से साइकिल यात्रा की शुरुआत की थी। यह यात्रा 12 सितंबर को भोपाल पहुंचकर संपन्न हुई। आशा मालवीय इस साइकिल यात्रा से पहले भी सिक्किम बीसी रायसाढ़े बीस हजार फीट एवं तेनजिंग खान पीक 19500 फीट पर चढ़ाई कर तिरंगा लहराकर OMG बुक में अपना नाम दर्ज कर चुकी हैं।