विदिशा में आरटीआई कार्यकर्ता की दिन दहाड़े हत्या, सिर में गोली लगने से हुई मौत

आरटीआई कार्यकर्ता रंजीत सोनी जनपद कार्यालय आरटीआई की जानकारी लेने गए थे, जहां कार्यालय से बाहर निकलते समय बदमाशों ने रंजीत के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी

Updated: Jun 02, 2022, 04:28 PM IST

विदिशा। मध्य प्रदेश में अपराध का एक नया सनसनीखेज मामला विदिशा से सामने आया है। यहां जनपद कार्यालय के सामने बदमाशों ने एक आरटीआई कार्यकर्ता की दिनदहाड़े सिर में गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। आरटीआई कार्यकर्ता का नाम रंजीत सोनी है और वह जनपद कार्यालय में आरटीआई की जानकारी लेने पहुंचे थे। रंजित सोनी विदिशा के मुखर्जी नगर के रहने वाले थे।

जनपद कार्यालय के सामने जहां हत्या हुई वह स्थान सिविल थाना क्षेत्र के नजदीक है और उसके आस पास लोक निर्माण विभाग कार्यालय, जिला सत्र न्यायालय सहित अन्य विभागों के कार्यालय है। जिसके कारण ये क्षेत्र हमेशा भीड़ भाड़ वाला रहता है।

यह भी पढ़ें: आदिवासियों के साथ धोखाधड़ी कर रही सरकार, बलपूर्वक विस्थापन पर बरसे दिग्विजय सिंह

पुलिस ने मामला दर्ज कर चांज शुरू कर दी है। आसपास के कैमरे खंगाले जा रहे हैं और घटना स्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के समय आरटीआई कार्यकर्ता रंजीत सोनी जनपद कार्यालय में आरटीआई की जानकारी के लिए गए थे। जनपद कार्यालय से बाहर निकलते समय बदमाशों ने रंजीन सोनी के सिर में गोली मारी और वो वहीं ढ़ेर हो गए। हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

एडिशनल एसपी समीर यादव के मुताबिक मृतक रंजीत सोनी आरटीआई एक्टिविस्ट थे। उनके बैग से कुछ कागजात बरामद हुए हैं। किन लोगों के द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है अभी इसका पता लगाया जा रहा है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।