साध्वी प्रज्ञा के बिगड़े बोल, दिवंगत नेता के लिए कहा, मुझे जिंदा जलाने वाले खुद भगवान को प्यारे हो गए

दिवंगत कांग्रेस नेता गोवर्धन दांगी के लिए साध्वी ने कही यह बात, ब्यावरा से विधायक थे गोवर्धन दांगी, कोरोना के कारण हुआ था निधन

Publish: Oct 21, 2021, 05:39 AM IST

भोपाल। बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा के विवादित बयानों का अब एक सिलिसला सा चल पड़ा है। असंवेदनशीलता की सभी हदों को पार करते हुए साध्वी प्रज्ञा ने दिवंगत कांग्रेस नेता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। साध्वी प्रज्ञा ने कहा है कि मुझे जिंदा जलाने वाले खुद भगवान को प्यारे हो गए। साध्वी प्रज्ञा के इस बयान का सोशल मीडिया पर जमकर विरोध हो रहा है। 

बुधवार को साध्वी प्रज्ञा ने पूर्व कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी के बारे में विवादित बयानबाजी की। अहंकार और आत्मुग्धता की शिकार बीजेपी नेता ने राजधानी भोपाल में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे जिंदा जलाने वाले खुद दो महीने में भगवान को प्यारे हो गए। साध्वी प्रज्ञा ने आगे कहा कि कोई मुझे ढोंगी माने इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। किसी के कहने से मैं ढोंगी नहीं हो जाऊंगी। 

गोवर्धन दांगी ब्यावरा सीट से कांग्रेस के विधायक थे। पिछले वर्ष कोरोना के कारण उनका निधन हो गया था। गोवर्धन दांगी ने 2019 में साध्वी को लेकर बयान दिया था, जिसके तुरंत बाद ही उन्होंने अपने बयान के लिए खेद भी जता दिया था। 

साध्वी प्रज्ञा के इस विवादित बयान का इसलिए भी विरोध हो रहा है क्योंकि जिन नेता के बारे में साध्वी ने आपत्तिजनक टिप्पणी की हैं, वे अब इस दुनिया में नहीं हैं। इससे पहले भी साध्वी कुछ ऐसा ही बयान दे चुकी हैं। मुंबई आतंकी हमलों में शहीद हुए हेमंत करकरे के लिए साध्वी ने कहा था कि हेमंत करकरे की मौत इसलिए हुई क्योंकि साध्वी ने हेमंत करकरे को शाप दिया था।