सिंधिया फैंस क्लब के अध्यक्ष को सरपंचों ने चप्पल से पीटा, राशि स्वीकृत कराने के नाम पर दलाली का आरोप

वसूली की कमाई के चक्कर में सिंधिया फैंस क्लब के नेता की हुई चप्पलों से पिटाई, राशि स्वीकृत कराने के नाम पर सरपंचों से कमीशन लिया, काम न होने के बाद सरपंचों ने पिटाई कर दी।

Updated: Dec 20, 2022, 04:23 AM IST

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले की एक घटना पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है। यहां सिरोंज में सिंधिया फैंस क्लब के अध्यक्ष की सरपंच और सरपंच प्रतिनिधियों ने चप्पलों से जमकर पिटाई की। आरोप है कि उसने पंचायत में विकास के लिए राशि स्वीकृत कराने के नाम पर सरपंचों से कमीशन लिया। इसके बाद भी राशि मंजूर नहीं कराई। इसी बात पर भड़के सरपंचों ने उसकी पिटाई कर दी।

घटना शनिवार की बताई जा रही है, लेकिन वीडियो अब वायरल हुआ है। मार खाने वाले नेता की पहचान देवेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। वह सिंधिया फैंस क्लब के ग्रामीण जिला अध्यक्ष है। बताया जा रहा है कि सिंधिया फैंस क्लब का नेता होने की कारण उसकी मंत्रियों से पहचान है। इसी बात का फायदा उठाकर उसने सरपंचों से कमीशन लिया। 

सरपंचों का आरोप है कि देवेंद्र शर्मा ने राशि मंजूर कराने के लिए पैसे लिए थे। करीब दो महीने बाद भी राशि स्वीकृत नहीं कराई। काम नहीं होने पर जब उससे रुपए वापस मांगे तो वो टाल मटोल कर रहा था। इसी कारण उसकी पिटाई की गई। बताया जा रहा है कि देवेंद्र शर्मा ग्रामीण क्षेत्र में खुद को पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया का करीबी बताकर रौब झाड़ता है। वह पंचायतों में विकास राशि स्वीकृत कराने के नाम पर सरपंचों से उस राशि का 10 से 15 प्रतिशत कमीशन लेता है।

यह भी पढ़ें: विधानसभा में आज अविश्वास प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस, 104 पेज का आरोप पत्र तैयार

देवेंद्र शर्मा ने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ अपनी फोटो लगा रखी है। इसके साथ ही अन्य कई भाजपा नेताओं के साथ भी फोटो पोस्ट कर चुका है। मंत्रियों के साथ उसके कई फोटो देखकर सरपंचों ने उस पर भरोसा कर लिया। काम नहीं होने पर जब पैसे मांगे तो वह टालने लगा। इसी बात से सरपंच और उनके प्रतिनिधि भड़क गए।

मामला सामने आने के बाद कांग्रेस ने सिंधिया और बीजेपी को आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष संगीता शर्मा ने घटना का वीडियो ट्वीट कर कहा, 'महाराज का आदमी शिवराज के इलाके में दलाली करे ये नाकाबिले बर्दाश्त है। बधाई मुख्यमंत्री जी, सरपंचों ने ऑन द स्पॉट दलाल को सजा दे डाली।'