MP में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का दूसरा दिन, ग्वालियर में अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों से मिले राहुल गांधी

दोपहर बाद राहुल INDIA गठबंधन की महारैली में शामिल होने बिहार की राजधानी पटना के लिए निकलेंगे। 4 मार्च को यात्रा पूर्व शेड्यूल के मुताबिक रहेगी।

Updated: Mar 03, 2024, 10:55 AM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज दूसरा दिन है। यात्रा फिलहाल ग्वालियर में है। राहुल गांधी ने सुबह यहां देवास गार्डन में अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों से संवाद किया। इस दौरान रिटायर्ड मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव और विंग कमांडर अनुमा आचार्य मौजूद रहे।

अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों से संवाद के बाद राहुल गांधी पनिहार, घाटीगांव होते हुए मोहना पहुंचे। यहां उन्होंने रोड शो की। आज के यात्रा के शेड्यूल में बदलाव भी किया गया है। दोपहर बाद राहुल I.N.D.I.A. गठबंधन की महारैली में शामिल होने बिहार की राजधानी पटना के लिए निकलेंगे। मोहना में यात्रा का हॉल्ट होगा। वहीं, 4 मार्च को यात्रा पूर्व शेड्यूल के मुताबिक रहेगी।

राहुल गांधी के बिहार से लौटने के बाद यात्रा रीशेड्यूल हो सकती है। तय कार्यक्रम के मुताबिक शिवपुरी, लुकवासा और बदरवास में राहुल गांधी को रोड शो करना था। बदरवास में नुक्कड़ सभा भी होनी थी। बदलाव के बारे में पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने X पर जानकारी दी। इसमें बताया कि राहुल गांधी रविवार दोपहर बिहार के पटना में INDIA की जन विश्वास रैली में शामिल होंगे। यात्रा सोमवार को फिर शुरू होगी।