सोनोग्राफी मशीन ने बताया एक लेकिन हुए दो बच्चे, माता-पिता ने सोनोग्राफी सेंटर पर किया केस

सोनोग्राफी की रिपोर्ट के अनुसार महिला के गर्भ में एक बच्चा होने की बात कही गई थी। लेकिन महिला ने दो बच्चों को जन्म दिया और उसके दोनों बच्चों की मौत हो गई।

Updated: Sep 15, 2023, 02:23 PM IST

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक अनोखा मामला सामने आया। यहां डॉक्टर ने एक गर्भवती महिला की सोनोग्राफी करने के बाद गलत रिपोर्ट दे दी। रिपोर्ट के अनुसार महिला के गर्भ में एक बच्चा होने की बात कही गई थी। लेकिन महिला ने दो बच्चों को जन्म दिया और उसके दोनों बच्चों की मौत हो गई। महिला और उसके पति ने इसके लिए डॉक्टर को जिम्मेदार बताते हुए उसके खिलाफ केस दर्ज कराई है। महिला ने इस चूक के लिए उपभोक्ता आयोग में भी चुनौती दी। 

क्या है पूरा मामला ?
दरअसल महिला वर्ष 2019 के अप्रैल में गर्भवती हुई थी। उसका उपचार प्रसूतिका गृह में चल रहा था। इसी दौरान उसे अस्पताल के डॉक्टर ने सोनोग्राफी कराने की सलाह दी थी। जिसके बाद महिला अपने पति के साथ सागर के राज डायग्नोस्टिक सेंटर जांच करवाने गई थी। जहां रेडियोलॉजिस्ट डॉ. राजेंद्र जैन ने उनकी सोनोग्राफी की थी। उसे डॉक्टर ने बताया था कि उसके गर्भ में एक ही शिशु सांस ले रहा है। जिसके बाद महिला अपने घर आ गई। लेकिन तीन दिन बाद महिला की अचानक तबियत खराब हो गई और उसे अस्पताल ले जाया गया। हॉस्पिटल में महिला हालत नाजुक होने की वजह से डॉक्टर्स ने उसका ऑपरेशन कर दिया और उसने एक बेटा और बेटी का जन्म दिया लेकिन दोनों ही बच नहीं सकें। 

इस घटना से दुखी और निराश महिला ने कहा कि अगर सोनोग्राफी की रिपोर्ट सही आती और उसे इसकी जानकारी होती तो शायद उसके दोनों बच्चे जिंदा होते। वहीं अब इस मामले में उपभोक्ता आयोग ने पीड़ित महिला के पक्ष में फैसला सुनाते हुए राज डायग्नोस्टिक को सवा लाख रुपए का जुर्माना देने का भी आदेश दिया है।