PM की इंटायर पॉलिटिकल साइंस की डिग्री जिस कंप्यूटर में छपी वो राजीव गांधी लाए थे: प्रियंका गांधी

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में उठा PM मोदी की डिग्री का मामला, प्रियंका गांधी बोलीं- इंटायर पॉलिटिकल साइंस की डिग्री कांग्रेस द्वारा लाए गए कंप्यूटर पर छपी थी।

Updated: Nov 08, 2023, 08:54 PM IST

भोपाल। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के प्रचार-अभियान के देवास जिले के खातेगांव में कांग्रेस प्रत्याशी दीपक जोशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी की डिग्री को लेकर तंज कसा।

भाजपा के लोग कहते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। मोदी जी जिस स्कूल में पढ़ाई करने गए और जिस कॉलेज में पढ़ाई की, ये सब कांग्रेस के बनवाए हुए हैं। मुझे नहीं पता कि मोदी जी कॉलेज गए कि नहीं, लेकिन ये याद रखना होगा कि मोदी जी की "एंटायर पॉलिटिकल साइंस" की डिग्री जिस कंप्यूटर से निकली, वह कंप्यूटर भी कांग्रेस सरकार की देन है।

 प्रियंका गांधी ने रामायण के संस्मरण को याद करते हुए कहा कि जब अत्याचार होता है और कुनीति का राज होता है तो हमें उसके खिलाफ लड़ना चाहिए। जिस तरह से अहिरावण ने भगवान राम और लक्ष्मण के साथ छल करने का काम किया था, उसी तरह आपके द्वारा बनाई गई 2018 में पूर्ण बहुमत की कांग्रेस सरकार को भाजपा ने गिराने का काम किया और जनता से छल किया। कुछ बहुरूपियों ने छल कपट करके 2018 की आपकी कांग्रेस सरकार का अपहरण किया। अब जनता को हनुमान बनाकर उसी कमलनाथ सरकार को वापस लाने का काम करना है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि, 'मध्य प्रदेश में बहनों को हम 1500 की सम्मान राशि उनके सीधे खाते में देने का काम करेंगे, गेहूं के लिए 2600 समर्थन मूल्य और धान के लिए 2500 रू समर्थन मूल्य किसानों को देंगे। दलित, आदिवासी और ओबीसी वर्ग के लोगों के खाली पड़े बैकलॉग के पदों को भरनें का काम जल्द से जल्द करेंगे। पढ़ो और पढ़ाओ योजना के जरिए हम स्कूली बच्चों को पहली क्लास से लेकर 12 वीं तक निशुल्क शिक्षा देने का काम करेंगे। पहले से आठवीं कक्षा के बच्चों को 500 रूपये नवमी दसवीं के बच्चों को 1000 रूपये 11वीं 12वीं 1500 रूपये महीने की स्कॉलरशिप दी जाएगी। हमारी सरकार आने पर हम सभी परिवारों को 25 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा और 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा देने वाले हैं।'

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, 'मैं अपनी बहनों से कहना चाहती हूं कि जिंदगी के हर मोड़ पर कांग्रेस का हाथ आपके साथ रहेगा। कांग्रेस की सरकार आने पर अगर किसी लड़की का जन्म होता है तो उसके जन्म से उसके विवाह तक के लिए ढाई लाख रुपए दिए। बेटी की जब शादी करेंगे तो सरकार के द्वारा 1 लाख 1 हजार की राशि दी जाएगी। 100 यूनिट बिजली बिल माफ होगी और 200 यूनिट बिजली बिल हाफ होगा। हम कर्मचारियों की पुरानी पेंशन मध्य प्रदेश में लागू करेंगे, 5 हॉर्स पावर की सिंचाई की बिजली किसानों को मुफ्त दी जाएगी। हम प्रदेश में जाति जनगणना कराएँगे। 2 लाख सरकारी पद जो प्रदेश में खाली पड़े हैं उनको जल्द से जल्द भरने का काम किया जायेगा, प्रतियोगी परीक्षाओं के शुल्क में 100 प्रतिशत छूट होगी।'

प्रियंका गांधी ने कहा कि जनता ने 2018 में कमलनाथ जी की सरकार बनाई थी और तब उन्होंने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ करने का काम किया था और इस बार सरकार बनने पर हम फिर से यह काम करने वाले हैं। देश और प्रदेश को चलाने के लिए विजन चाहिए होता है, एक नजरिया होता है। आपके बगल के राज्य छत्तीसगढ़ में सबसे कम बेरोजगारी है, क्योकि वहां पर कांग्रेस की सरकार है। मप्र में पिछले 18 सालों से भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और बेरोजगारी में मध्य प्रदेश नंबर वन है। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने पिछले 3 सालों में केवल 21 रोजगार दिए है। आज मध्य प्रदेश में कई पद खाली पड़े हैं और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तो 90 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं, मध्य प्रदेश में शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। 

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के राज्य में 7000 से ज्यादा पाठशालाएं बंद हो गई हैं। मध्य प्रदेश में जब घोटाला होता है तो इसका सीधा मतलब है कि सरकार जनता से लूट रही है और मध्य प्रदेश की सरकार जनता से लूट कर बड़े-बड़े उद्योगपतियों को पैसा दे रही है। अपने संबोधन के अंत में प्रियंका गांधी ने कहा कि अब समय आ गया है कि आप अपने विवेक का सही उपयोग करें और जिस तरह से कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़, राजस्थान, कर्नाटक और हिमाचल में जनता के हित में काम कर रही है, उसी तरह से आपके लिए भी काम करे। इसके लिए जरूरी है कि आप कांग्रेस का समर्थन कर कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है इस बार आप लोग कांग्रेस की सरकार बनाने वाले हैं।