225 महीनों की सरकार में इन्होंने 220 घोटाले किए हैं, जबलपुर में प्रियंका गांधी ने भरी हुंकार

MP के सीएम घोषणावीर हैं, 18 वर्षों में इन्होंने 22 हजार घोषणाएं की, जिनमें एक फीसदी पूरी हुई। सच्चाई आपके सामने है। देश चलाने के लिए एक विजन होना चाहिए, लेकिन इनके पास कोई विजन नहीं है: प्रियंका गांधी

Updated: Jun 12, 2023, 01:42 PM IST

जबलपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को जबलपुर में चुनावी शंखनाद किया। प्रियंका ने सबसे पहले जबलपुर के ग्वारीघाट पर 101 ब्राह्मणों के साथ नर्मदा पूजन किया। इसके बाद उन्होंने जबलपुर के शहीद स्मारक मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 225 महीनों में शिवराज सरकार ने 220 घोटाले किए हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा, "MP के सीएम घोषणावीर हैं, 18 वर्षों में उन्होंने 22 हजार घोषणाएं की, जिनमें महज एक फीसदी पूरी हुई। सच्चाई आपके सामने है। देश चलाने के लिए एक विजन होना चाहिए, लेकिन इनके पास कोई विजन नहीं है। 225 महीनों की सरकार में इन्होंने 220 घोटाले किए हैं। तकरीबन हर महीने एक नया घोटाला किया है। रिश्वत और घोटाला राज आज आप बंद नहीं करेंगे तो आपके भविष्य का क्या होगा। घोटालों की इतनी लंबी लिस्ट है की जो मोदी ने गालियों वाली लिस्ट निकाली उससे लंबी है।" 

प्रियंका ने अपनी स्पीच की शुरुआत मां नर्मदा के जयकारे से की। उन्होंने कहा, यहां आज महाकौशल की पावन और क्रांतिकारी धरती पर खड़े होकर बहुत गर्व हो रहा है। इस धरती ने क्रांतिदूत शंकर शाह और रघुनाथ शाह को जन्म दिया। इस धरती ने देशभर में आदिवासी संस्कृति का झंडा बुलंद किया। मध्य प्रदेश सिर्फ भारत का केंद्र नहीं, दिल और जान है। संस्कारधानी ने साहित्य, संस्कृति और संस्कार हमें दिए हैं। इसी पर हमारा संविधान बना। ये आधुनिक भारत इन्हीं संस्कारों के आधार पर आगे बढ़ा।

कांग्रेस महासचिव ने कहा, "चुनाव के समय आपसे वादे किए जाते हैं, लेकिन जो वादा करता है, उसकी खुद की आस्था उसमें नहीं होती है। उनको पूरा करने की कोशिश नहीं होती। आज मैं संस्कारधानी की धरती पर खड़ी होकर आपको पुरानी राजनीति की याद दिलाना चाहती हूं। हमारे नेता जो कहते थे, वो करके दिखाते थे। सबकुछ न्योछावर करके आपके लिए दिन-रात एक करते थे। अब तरह-तरह की घोषणाएं की जाती है। पूरा नहीं किया जाता। इन्हें लगता है कि वादा पूरा नहीं करें तो भी सत्ता में आएंगे। आपको इन्हें सबक सिखाना होगा। 18 साल हो चुके हैं, इन 18 वर्षों में आपने सबकुछ देख लिया। घोषणाएं देख ली, असलियत देख लिया। बड़े-बड़े इवेंट देख लिए और सच्चाई देख ली।"

इससे पहले पूर्व सीएम कमलनाथ ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि, "मैं शिवराज सिंह को नाचने, गाने और कलाकारी में नहीं हरा सकता। उन्हें मैं घोषणाओं ने नहीं हरा सकता। मैं सच्चाई में उन्हें हरा सकता हूं।  हमारे संस्कार दिल और रिश्ते जोड़ने के हैं। हमारे देश के अलावा किसी देश में इतने धर्म, जातियां, देवी-देवता, त्योहार नहीं हैं। जोड़ने की संस्कृति की राजधानी जबलपुर है। मैं हिंदू हूं, गर्व से कहता हूं, लेकिन बेवकूफ नहीं हूं। 15 साल बाद दिसंबर 2018 में आपने कांग्रेस की सरकार चुनी। शिवराज सिंह ने हमें किसानों की हत्या, बेरोजगारी, महिला अत्याचार में नंबर-1 प्रदेश सौंपा। मैं मुख्यमंत्री था, सौदा कर सकता था, लेकिन मध्यप्रदेश की पहचान सौदे से नहीं बनाना चाहता था। मैंने कहा कि मुझे कुर्सी नहीं चाहिए, मैंने सौदा नहीं किया।"

पूर्व सीएम ने आगे कहा, "शिवराज सिंह ने महंगाई, बेरोजगारी, कोरोना की मौत, माफिया राज, रेप, घर-घर शराब दी। यह उनकी उपलब्धि है। मैं शिवराज सिंह को चुनौती देता हूं कि ये चुनाव किसी उम्मीदवार का, पार्टी का नहीं है, ये चुनाव मध्य प्रदेश के भविष्य का है। आपको तय करना है आप कैसा प्रदेश आगे की पीढ़ियों को सौंपना चाहते हैं।" इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि, "शिवराज सिंह की सरकार लुटेरी है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में प्रियंका भाजपा को नेस्तनाबूद करने के लिए आई हैं। मैं आज प्रियंका जी के रूप में इंदिरा जी की तस्वीर देखता हूं। इंदिरा जी ने दुर्गा जी का रूप धारण कर पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए। आज यही रूप में प्रियंका जी में देख रहा हूं।"