कर्ज से परेशान किसान ने परिवार समेत की आत्महत्या, पांच साल के बच्चे और पत्नी के सहित किसान ने लगाई फांसी

मध्य प्रदेश में कर्ज से परेशान एक किसान ने अपने पांच साल के बच्चे और पत्नी के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

Publish: Sep 03, 2023, 12:05 PM IST

Image courtesy- Naidunia
Image courtesy- Naidunia

निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां कर्ज ने एक किसान का पूरा परिवार उजाड़ दिया। घटना पृथ्वीपुर थाने की है जहां एक किसान ने अपने 5 साल के मासूम बच्चे और पत्नी सहित फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी है। बताया जा रहा है कि किसान कर्ज से परेशान था।परिजनों ने जब किसान दंपति और बच्चे का शव फंदे पर लटका हुआ देखा तो सब हैरान हो गए। परिजनों ने तत्काल पुलिस को इस बात की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार किसान पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के केशरीगंज गांव में रहने वाले 35 साल के किसान आंनद केवट ने कर्ज से परेशान होकर मौत को गले लगा लिया। किसान का परिवार खेती कर परिवार का भरण पोषण करता था। किसान की पत्नी राखी केवट भी खेती के कार्य में हाथ बटाती थी। लेकिन शनिवार की रात में दोनों ने फांसी के फंदे पर झूल कर आत्महत्या कर ली। इसके पहले दंपति ने अपने 5 साल के मासूम बच्चे मनीष को भी फंदे पर लटकाया दिया था।

रविवार की सुबह जब परिजनों ने दंपती के शव को फंदे पर झूलते हुए देखा तो सब हैरान रह गए। उन्होंने फौरन पुलिस को सूचना दी। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर एफएसएल की टीम के साथ पहुंची। पुलिस ने शवों का पंचनामा बना कर शवों को फंदे से नीचे उतारा औरपोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।

शुरआती जांच में पुलिस को आस पास के लोगों से पुलिस को पता चला है कि किसान कर्ज के तले दबा हुआ था। जिस कारण वह काफी परेशान रहता था। उसने इसी के चलते फांसी लगाई है।