घर घर तुलसी अभियान चलानेवाली सुमित्रा महाजन से भेंट करने पहुंचे तुलसी सिलावट

नतीजे से पहले सिलावट ने लिया सुमित्रा महाजन का आशीर्वाद

Updated: Nov 09, 2020, 01:18 AM IST

इंदौर। सिंधिया समर्थक नेता तुलसीराम सिलावट आज पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन से मिलने इंदौर स्थित उनके घर पहुंचे थे। सुमित्रा महाजन से मुलाकात कर सिलावट ने चुनाव में जीत के लिए आशीर्वाद मांगा। तुलसी सिलावट सांवेर विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हैं।  

सुमित्रा महाजन तुलसी सिलावट की जीत के लिए घर घर तुलसी अभियान भी चला चुकी हैं। दरअसल जुलाई महीने में सांवेर विधानसभा क्षेत्र में सुमित्रा महाजन ने तुलसी सिलावट की जीत के लिए घर घर जा कर तुलसी के पौधे बांटने का अभियान चलाया था। जिसमें बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं ने घर घर तुलसी ले जाकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई थीं। हालांकि तब सुमित्रा महाजन ने तुलसी सिलावट के पक्ष में चलाए जा रहे अभियान की बात मानने से इनकार कर दिया था। 

तुलसी सिलावट प्रदेश की पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। इसके आलावा सिलावट मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मार्च महीने में हुए सत्ता परिवर्तन के दौरान सिलावट सिंधिया के साथ बीजेपी में शामिल हो गए थे। सिलावट सिंधिया के सबसे विश्वस्त नेता माने जाते हैं। तमाम अटकलों के मुताबिक सिंधिया तत्कालीन सरकार में सिलावट को उपमुख्यमंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस पार्टी सिलावट को उपमुख्यमंत्री बनाने पर राज़ी नहीं हुई।  

प्रदेश में जब सत्ता बदली तो शिवराज सिंह चौहान ने अपनी कैबिनेट में सिलावट को जल संसाधन मंत्री बनाया। लेकिन सदन का सदस्य न होने और मंत्री पद पर 6 महीने की अवधि पूर्ण होने के चलते सिलावट को चुनाव के बीच ही मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। सांवेर सीट से सिलावट के सामने प्रेमचंद गुड्डू मैदान में हैं।