उज्जैन: भस्म आरती के दौरान महाकाल मंदिर के गर्भगृह में लगी आग, पुजारी समेत 13 लोग झुलसे

हादसे के समय मंदिर में हजारों श्रद्धालु महाकाल के साथ होली मना रहे थे। बताया जा रहा है कि गुलाल में कोई केमिकल ऐसा था, जिससे आग भड़क गई।

Updated: Mar 25, 2024, 09:22 AM IST

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में बड़े हादसे की खबर आ रही है। सोमवार को भस्म आरती के दौरान मंदिर के गर्भगृह में आग लग गई। इस हादसे में पुजारी समेत 13 लोग झुलस गए। घायलों में 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को इंदौर रेफर किया गया है। शेष उज्जैन के जिला अस्पताल में भर्ती हैं।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह भस्म आरती के दौरान अबीर-गुलाल लगाया जा रहा था। हजारों श्रद्धालु महाकाल के साथ होली मना रहे थे। गर्भगृह में पुजारी भी एक-दूसरे पर रंग डाल रहा थे। इसी दौरान गुलाल आरती की थाल में जल रहे कपूर पर गिर गया जिससे कपूर भभका और फ्लैक्स ने आग पकड़ ली।

घायल सेवक ने मीडिया को बताया कि आरती कर रहे पुजारी संजीव पर पीछे से किसी ने गुलाल डाला। यह गुलाल दीपक पर गिरा। अनुमान है कि गुलाल में कोई केमिकल ऐसा था, जिससे आग भड़क गई। इस घटना के कारण वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

गर्भगृह में लगी चांदी की परत को रंग-गुलाल से बचाने के लिए फ्लैक्स लगाए गए थे। इसमें भी आग लग गई। फायर एक्सटिंग्विशर से जबतक आग पर काबू पर पाया, गर्भगृह में मौजूद संजीव पुजारी, विकास, मनोज, सेवाधारी आनंद, कमल जोशी समेत 13 लोग झुलस गए।

बता दें कि विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में रविवार से ही होली पर्व की धूम थी। रविवार को भस्म आरती में भक्तों ने 51 क्विंटल फूलों के साथ होली खेलकर पर्व की शुरुआत की थी। वहीं, संध्या आरती में हजारों भक्तों ने बाबा महाकाल के साथ गुलाल से होली खेली थी। इसके बाद महाकाल प्रांगण में होलिका दहन किया गया था।