हम राहुल गांधी की सेना हैं, सावरकर की नहीं, जो गिरफ्तारी से डर जाएं: BJP पर बरसे विक्रांत भूरिया

मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा आदिवासी जेल में हैं। भाजपा सरकार द्वारा आदिवासियों के ऊपर झूठे प्रकरण दर्ज कर उन्हें फंसाया जा रहा है: विक्रांत भूरिया

Updated: Mar 27, 2023, 06:39 PM IST

भोपाल। गिरफ्तारी और जमानत के अगले दिन सोमवार को मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया ने पीसीसी मुख्यालय में प्रेस को संबोधित किया। इस दौरान डॉ भूरिया ने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हम राहुल गांधी की सेना हैं, सावरकर की नहीं, जो गिरफ्तारी से डर जाएं। भूरिया ने राज्य सरकार पर आदिवासियों को प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया।

डॉ विक्रांत भूरिया ने कहा, 'भाजपा सरकार द्वारा पुलिस पर दबाव बनाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को असंवैधानिक और गलत तरीके से गिरफ्तार कराया जा रहा है। देश और प्रदेश में जिस तरह भाजपा द्वारा अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है, उससे लोकतंत्र खतरे में हैं। हम राहुल गांधी की सेना हैं, सावरकर की नहीं, जो भाजपा के दबाव में पुलिस की असंवैधानिक कार्यप्रणाली से डर जाएं। भाजपा की एक ही नीति है, न नियम न कायदा, काम वहीं करती है, जिसमें हो भाजपा को फायदा।'

यह भी पढ़ें: भोपाल में कांग्रेस SC-ST विंग का बड़ा प्रदर्शन, CM हाउस की ओर कूच कर रहे दर्जनों कार्यकर्ता गिरफ्तार

भूरिया ने आगे कहा, 'जिस प्रकार पुलिस द्वारा भाजपा के दबाव में मुझे झाबुआ से गिरफ्तार कर भोपाल 350 किलोमीटर लाया गया, वह तानाशाही और बदले की भावना के सिवाए कुछ नहीं है। भोपाल की पुलिस भेजकर मुझे झाबुआ में गिरफ्तार किया गया। भाजपा सरकार का यह रवैया असंवैधानिक और गैर जिम्मेदाराना है। यदि यही काम भाजपा ने सच्चाई के साथ मेहुल चौकसे, नीरव मोदी जैसे भगौड़े के लिए किया होता तो वे आज देश की करोड़ों-अरबों की संपत्ति को लेकर भाग नहीं पाते। सरकार लोकतंत्र का दमन कर सच्चाई बोलने वालों की आवाज को दबाने का काम कर रही है। वही कृत्य भाजपा के इशारे पर मेरे साथ कल पुलिस द्वारा किया गया। लेकिन हम डरे नहीं, हमने कहा कि हमें गिरफ्तार करो या जेल में डाल दो, हम डरने वाले नहीं हैं।'

भूरिया ने आगे कहा, 'आज देश का लोकतंत्र खतरे में है। जिस प्रकार हमारे नेता राहुला गांधी पर असंवैधानिक तरीके से कार्रवाई कर लोकसभा से सदस्यता समाप्त कर उनसे बोलने की आजादी को छीना गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, देश के चंद बड़े अडानी-अंबानी जैसे पूंजीपतियों को देश की संपत्ति लुटाती जा रही है। हमारे नेता ने उनकी चोरी को उजागर किया तो उनकी आवाज को बंद करने के लिए उनकी लोकसभा से सदस्यता समाप्त की गई, जो पूरी तरह अनुचित है। प्रदेश ही नहीं देश का एक-एक कार्यकर्ता राहुल गांधी की आवाज बनकर भाजपा सरकार के इस कायराना कृत्य का सड़कों पर विरोध करेंगे।'

भूरिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में 24 प्रतिशत आदिवासी हैं। चाहे नेमावर की घटना हो या प्रदेश में अलग अलग जिलों में आदिवासियों पर हो रही अन्य घटनाएं हो भाजपा सरकार आदिवासियों पर लगातार प्रहार कर रही हैं। यही नहीं एमपी में सबसे ज्यादा आदिवासी जेल में हैं। भाजपा सरकार द्वारा आदिवासियों के ऊपर झूठे प्रकरण का दर्ज कर उन्हें फंसाया जा रहा है। आदिवासी विरोधी भाजपा सरकार का दोहरा चरित्र देश और प्रदेश की जनता देख रही हैं। भाजपा अब कितने ही दावे कर ले जनता ने उसे सबक सिखाने का मन बना लिया है।'