MP में सर्दी का सितम जारी, दतिया में 3 डिग्री तक पहुंचा तापमान, 16 शहर अभी भी कोहरे की चपेट में

मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल संभाग में बादल छाने का अनुमान है। बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम केंद्र ने बुधवार को छतरपुर, टीकमगढ़, रतलाम में कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया है।

Updated: Jan 24, 2024, 09:56 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं से पूरा मध्य प्रदेश ठिठुर रहा है। मंगलवार को प्रदेश में दतिया सबसे ठंडा रहा। यहां रात का तापमान 3 डिग्री रहा। दूसरे नंबर पर शाजापुर का तापमान 3.5 डिग्री रहा। वहीं, शिवपुरी में 4.2, जबकि भोपाल संभाग के राजगढ़ में 5.0 व खजुराहो में 5.6 डिग्री दर्ज किया गया।

भोपाल में रात के तापमान में इजाफे के बावजूद लगातार पांचवें दिन पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। यहां रात का तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। 24 घंटे में इसमें 0.8 डिग्री का इजाफा हुआ। प्रदेश के 16 शहर अभी भी कोहरे की चपेट में हैं। मौसम केंद्र ने बुधवार को छतरपुर, टीकमगढ़, रतलाम में कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, ग्वालियर,दतिया में सीवियर कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट है। दतिया, शिवपुरी जिले में शीत लहर ऑरेंज अलर्ट है।

फिलहाल ठंड से राहत की भी कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। अगले एक-दो दिन में प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने तो कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल संभाग में बादल छाने का अनुमान है। बूंदाबांदी भी हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि गुरुवार को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहुंच रहा है। उसके दो दिन बाद एक और ऐसा ही सिस्टम आ सकता है। इनका असर मप्र में भी हो सकता है। इसी कारण अगले 8 दिन में मौसम के दो बार बदलने का अनुमान है। 25 या 26 जनवरी से एक-दो दिन महाकौशल और ग्वालियर चंबल संभागों में बारिश होने की संभावना है।