भोपाल में संपत्ति विवाद में महिला को जलाया, जेठ और दो अन्य रिश्तेदारों पर लगा आरोप

जमीन बंटवारे को लेकर भाइयों था विवाद, जेठ ने महिला पर केरोसीन छिड़कर लगाई आग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, हत्या की कोशिश का केस दर्ज

Updated: Oct 13, 2021, 01:36 PM IST

भोपाल। बैरसिया में संपत्ति विवाद में महिला को जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। जिस महिला को जलाया गया है वह आरोपियों के छोटे भाई की पत्नी थी। दो जेठों ने अपने एक अन्य रिश्तेदार के साथ मिलकर महिला पर केरोसीन उड़ेला और आग लगा दी।

महिला को 30 फीसदी झुलसी हुई हालत में भोपाल के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से  आरोपी फरार है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

यह घटना बैरसिया तहसील के अर्जनखेड़ी गांव की हैं। पीड़िता की पहचान आशा सिंह राजपूत के रूप में हुई है। पीड़िता का पति संजू सिंह राजपूत चार भाई हैं। संजू खेती करता है। उसका अपने भाइयों से जमीन को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्साए बड़े भाइयों ने पास में खड़ी अपनी बहू को ही आग के हवाले कर दिया। अब पुलिस वीरेंद्र राजपूत और श्याम सिंह राजपूत की तलाश में जुटी है।