भोपाल में बीच बाजार BJP पार्षद को महिलाओं ने पीटा, छेड़खानी का आरोप
चूनाभट्टी इलाके में सास-बहू ने वार्ड 48 के पार्षद की पिटाई कर दी। महिलाएं हॉकर्स कॉर्नर में दुकान लगाती हैं। उन्होंने पार्षद पर छेड़खानी का आरोप लगाया है।

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बीच-बाजार भाजपा पार्षद की पिटाई का मामला सामने आया है। राजधानी के चूनाभट्टी इलाके में दो महिलाओं ने वार्ड-48 से भाजपा पार्षद की जमकर पिटाई की है। हॉकर्स कार्नर में दुकान लगाने वाली इन महिलाओं ने पार्षद पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद भाजपा नेतृत्व ने आरोपी पार्षद को नोटिस जारी किया है।
BJP पार्षद की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि दो-तीन महिलाएं पीले रंग के कुर्ते-पायजामा पहने एक व्यक्ति की बुरी तरह पिटाई कर रही हैं। वह बचने की कोशिश कर रहा है। लेकिन, महिलाएं उसे पीटते ही जा रही हैं।वीडियो के पीछे एक आवाज आ रही है कि इसने हमें परेशान कर दिया है। बहुत हो गया, अब नहीं। पिटाई से परेशान होकर पार्षद वहां से भागकर अपनी जान छुड़ाते नजर आ रहे हैं।
भोपाल नगर निगम के बीजेपी पार्षद अरविंद वर्मा की महिलाओं ने सरेआम पिटाई की। हॉकर्स कॉर्नर में दुकान से अवैध वसूली, महिला मपर बुरी नियत डालने का आरोप। सास बहू ने मिलकर पीटा। pic.twitter.com/55isPS73kr
— Vijay Pratap Singh Baghel (@vijaypsbaghel) September 29, 2024
बताया जा रहा है कि यह घटना मनीषा मार्केट की पास की है। यहां महिलाओं ने भाजपा पार्षद अरविंद वर्मा की सरेआम पिटाई की है। महिलाओं का आरोप है कि वे हॉकर्स कॉर्नर में दुकान से अवैध वसूली करते हैं। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया है कि यह पार्षद हम पर बुरी नीयत डालता था।
पुलिस ने पार्षद की शिकायत पर महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं महिलाओं के आवेदन पर जांच के बाद एक्शन लेने की बात कही है। चूनाभट्टी थाने के टीआई भूपेंद्र कॉल संधु के मुताबिक, महिलाओं ने पार्षद अरविंद वर्मा पर घर के सामने आकर घूरने का आरोप लगाया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।