MP के कई जिलों में येलो अलर्ट, भोपाल में बारिश ने 50 साल का रिकार्ड तोड़ा

मध्य प्रदेश में बीते तीन दिनों से मॉनसून की मेहरबानी जारी है। इंदौर समेत 15 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल के भदभदा-कलियासोत और जबलपुर के बरगी डैम के गेट भी खोले गए हैं। 

Updated: Sep 16, 2022, 12:28 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के कई जिलों में बीते तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त है। प्रदेश में लगातार बारिश होने से तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों में अगले 24 घंटो के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट की मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान रीवा, जबलपुर, सागर, भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर एवं चंबल संभाग तथा शहडोल संभाग के जिलों में बारिश दर्ज की गई है। अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

राजधानी भोपाल में गुरुवार रात से शुक्रवार की सुबह तक बारिश होती रही। भोपाल में अभी तक 72 इंच बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 50 साल में यह सबसे अधिक है। सामान्य रूप से सितंबर तक 31 इंच तक बारिश होती है। भोपाल में भदभदा और कलियासोत डैम के गेट खोल दिए गए हैं। 

बारिश के चलते छतरपुर में नदी नाले उफान पर हैं। जबलपुर के बरगी डैम के गेट खोल दिए गए है। प्रदेश की कई नदियों पर बने डैमों के गेट खोलने पड़े है। शिवपुरी और गुना की निचली बस्तियों में पानी भर गया है। देवास और उज्जैन के कलेक्टरों ने आज सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।