अफ़गानिस्तान से भारत आए 16 लोगों को हुआ कोरोना, संक्रमितों में तीन ग्रंथी भी शामिल

मंगलवार को अफगानिस्तान से कुल 78 नागरिकों को भारत लाया गया था, इनमें से 16 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, संक्रमित लोगों में तीन ग्रंथी भी शामिल हैं

Updated: Aug 25, 2021, 06:36 AM IST

नई दिल्ली। अफ़गानिस्तान से भारत आए लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। कुल 16 लोगों के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। संक्रमण की चपेट में आए सभी लोगों को एहतियातन क्वारेंटाइन कर दिया गया है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संक्रमण की चपेट में आए लोगों में से गुरु ग्रंथ साहिब लेकर आए तीन ग्रंथी भी हैं। हालांकि इन लोगों में संक्रमण के गंभीर लक्षण नहीं हैं। कोरोना की पुष्टि होने के बाद भारत आए सभी यात्रियों को क्वारेंटाइन कर दिया गया है। 

मंगलवार को कुल 78 लोग अफगानिस्तान से दिल्ली पहुंचे थे। इनमें 46 अफ़गानी सिख और हिंदू भी शामिल थे। यात्रियों के पहुंचने पर खुद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरु ग्रंथ साहिब की तीन प्रतियां रिसीव करने पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें : केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने रिसीव किया गुरु ग्रंथ साहिब, अफगानिस्तान से आई हैं गुरु ग्रंथ साहिब की तीन प्रतियां

अफगानिस्तान से लोगों को रेस्क्यू करने के लिए भारत सरकार ऑपरेशन देवी शक्ति जारी है। इस अभियान के तहत अब तक 626 लोगों को सुरक्षित भारत लाया गया है। इनमें 228 लोग भारतीय नागरिक हैं। वहीं 77 लोग अफगानी सिख हैं। 

यह भी पढ़ें : अफगानियों के देश छोड़ने से खुश नहीं है तालिबान, तालिबान के प्रवक्ता ने दी चेतावनी

दूसरी तरफ अफगानिस्तान में पनपे संकट के संबंध में मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बात की। मोदी सरकार ने अफगानिस्तान संकट पर चर्चा करने के लिए गुरुवार को सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है। जिसमें विदेश मंत्री एस जयशंकर सदन के नेताओं को अफगानिस्तान के ताजा हालात से अवगत कराने वाले हैं।