भारत में अब तक कुल 20 मरीज़ कोरोना के नए स्ट्रेन से संक्रमित, सबसे ज़्यादा 8 लोग दिल्ली में संक्रमित

25 नवंबर से 23 दिसंबर के बीच लगभग 33 हज़ार लोग ब्रिटेन से भारत में आए हैं, इन सभी की जांच की जा रही है

Updated: Dec 30, 2020, 04:44 PM IST

Photo Courtesy: India. com
Photo Courtesy: India. com

नई दिल्ली। भारत में भी अब कोरोना का नया स्ट्रेन अपने पांव पसार रहा है। बीते दिन जहां कोरोना के नए स्ट्रेन के कुल 6 मामले मिले थे तो वहीं आज यह आंकड़ा 20 हो गया है। सबसे ज़्यादा आठ मामले दिल्ली में पाए गए हैं। संक्रमित व्यक्तियों को क्वारंटाइन किया गया है। 

दरअसल 25 नवंबर से 23 दिसंबर के बीच ब्रिटेन से भारत आए यात्रियों की जांच की जा रही है। एक आंकड़े के मुताबिक इस दौरान लगभग 33 हज़ार लोग ब्रिटेन से भारत में आए हैं। लिहाज़ा उन सभी की जांच की जा रही है। और अब बीस लोग इस नए स्ट्रेन से संक्रमित भी हो गए हैं। 

कितने किस राज्य में हैं संक्रमित 

कोरोना के नए स्ट्रेन से अबतक बीस लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से सबसे ज़्यादा आठ लोग दिल्ली के NCDC में संक्रमित पाए गए। बेंगलुरु के NIMHANS में सात लोग नए स्ट्रेन से संक्रमित पार गए। हैदराबाद के CCMB में दो लोगों में कोरोना का नया स्ट्रेन मिला। जबकि NIBG कोलकाता, NIV पुणे और IGIB में एक एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया। 

जिन बीस लोगों में यह नया स्ट्रेन पाया गया है। उसमें एक दो वर्षीय बच्चा भी है जो मेरठ का रहने वाला है। दंपत्ति हाल ही में यूके से भारत आए हैं। हालांकि पति और पत्नी में नया स्ट्रेन नहीं मिला है। जबकि माता पिता भी कोरोना से संक्रमित हैं। जब से दो वर्षीय बच्चे के नए स्ट्रेन से संक्रमित होने की खबर मिली है, आस पास के लोगों में दहशत पनप गयी है। कुल 100 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया जिसमें 70 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

क्या वैक्सीन नए स्ट्रेन पर कारगर होगी

भारत में जिस वैक्सीन का निर्माण हो रहा है, उसे लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बरकरार है। हालांकि भारत सरकार कह चुकी है कि वैक्सीन कोरोना के इस नए स्ट्रेन के खिलाफ भी काम करेगी। यह दावे इसलिए किए जा रहे हैं क्योंकि अब तक वैक्सीन में ऐसे कोई प्रमाण नहीं मिले हैं, जिसके आधार पर यह कहा जा सके कि यह नए स्ट्रेन पर काम नहीं करेगा।