Rhea Chakraborty: सुशांत राजपूत मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती गिरफ्तार
Rhea Chakraborty arrest: एनसीबी ने तीन दिन की रिया चक्रवर्ती से पूछताछ, चेतन भगत ने मीडिया पर कसा तंज, क्या अब देश सांस ले सकता है

मुंबई। बॉलीवुड की अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया है। रिया चक्रवर्ती को ड्रग्स से संबंधित एक मामले में एनसीबी ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया है। रिया चक्रवर्ती का थोड़ी देर में मेडिकल टेस्ट होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार कल सुबह अभिनेत्री की कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के ज़रिए पेशी हो सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रिया चक्रवर्ती ने मंगलवार को एनसीबी के समक्ष पूछताछ के दौरान यह कबूल लिया कि उन्होंने ड्रग्स का सेवन किया है। एनसीबी ने रिया के कबूलनामे के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इसी मामले में रिया से रविवार और सोमवार को काफी देर तक पूछताछ हुई थी। लेकिन रिया ड्रग्स सेवन के आरोपों को कबूलने से साफ तौर पर बच रही थीं।
दरअसल एक व्हाट्सएप चैट के ज़रिए रिया और अन्य लोगों के ड्रग्स का सेवन करने में संलिप्तता सामने आई थी। एनसीबी ने अपनी पूछताछ के दौरान रिया का उनके भाई शोविक, सुशांत के मैनेजर सैमुएल मिरांडा और उनके स्टाफ दीपेश सावंत से आमना सामना भी कराया। एनसीबी ने अब तक इस मामले में कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
Celebrations tonight on some channels will be like we solved Corona, Economy and China in one go.
— Chetan Bhagat (@chetan_bhagat) September 8, 2020
क्या अब भारत सांस ले सकता है ?
रिया की गिरफ्तारी के बाद लेखक चेतन भगत ने मीडिया पर तंज कसते हुए कहा है कि क्या अब देश सांस ले सकता है? इसके साथ ही चेतन भगत ने कहा कि आज रात कुछ न्यूज़ चैनल इस कदर खुशी मनाएंगे, जैसे उन्होंने कोरोना, चीन और अर्थव्यस्था की सभी समस्याओं को हल कर दिया हो।