आखिर किसका है ये अमृतकाल, दाल भाजी की कीमतें जारी कर राहुल गांधी ने बोला केंद्र पर हमला

राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि पूंजीपतियों की संपत्ति बढ़ाने और जनता से टैक्स वसूल करने में व्यस्त भाजपा सरकार, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को भूल ही गई है।

Updated: Jun 28, 2023, 06:51 PM IST

नई दिल्ली। देश में जरूरत की चीजों के दाम बेतहाशा बढ़ रहे हैं। सब्जी के दामों ने अचानक से ही आसमान छू लिया है। बाजार में थोक से लेकर फुटकर सब्जियों की कीमत में बेतहाशा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने देश में बढ़ती मंहगाई के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सब्जी और दाल की कीमतों का जिक्र करते हुए ट्वीट किया, 'टमाटर: ₹140/किलो, फूल गोभी: ₹80/किलो, तुअर दाल: ₹148/किलो, अरहर दाल: ₹219/किलो और पकाने का गैस सिलेंडर ₹1,100 के पार। पूंजीपतियों की संपत्ति बढ़ाने और जनता से टैक्स वसूल करने में व्यस्त भाजपा सरकार, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को भूल ही गई।'

राहुल गांधी ने आगे लिखा, 'युवा बेरोज़गार हैं, रोज़गार है तो आय कम और महंगाई से बचत खत्म। गरीब खाने को तड़प रहे हैं, मध्यमवर्ग बचाने को तरस रहा है। कांग्रेस शासित राज्यों में हमने महंगाई से राहत के लिए गैस के दाम घटाए, आर्थिक सहायता के लिए गरीबों के खातों में पैसे डाले। नफ़रत मिटाने, महंगाई, बेरोज़गारी हटाने और समानता लाने का प्रण है भारत जोड़ो यात्रा - भाजपा को जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने नहीं देंगे। 9 साल का एक ही सवाल है!आखिर किसका है ये अमृतकाल?'

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पेट्रोल की कीमतों को लेकर पीएम मोदी पर सीधा निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'प्रधानमंत्री जी ने कल भोपाल में महँगाई की लिस्ट पढ़ी। लेकिन वो लिस्ट भी पहले की लिस्टों की तरह किसी ने गलत बना दी। मध्य प्रदेश में पेट्रोल का दाम: 108 रू लीटर, टमाटर का दाम: 100 रू किलो, दाल का दाम: 150 रू किलो, रसोई का सिलेंडर: 1130 रू/ सिलेंडर है। जनता जो महँगाई की मार झेल रही है उससे ध्यान भटकाने का मॉडल न तो हिमाचल और कर्नाटक में चला, न ही मध्य प्रदेश में चलेगा।'