महाराष्ट्र कांग्रेस को एक और झटका, पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने दिया इस्तीफा, BJP में हो सकते हैं शामिल

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। चव्हाण पिछले काफी दिनों से पार्टी से नाराज बताए जा रहे थे और खबर है कि वह बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।

Updated: Feb 12, 2024, 03:22 PM IST

मुंबई। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को महाराष्ट्र में एक और बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। जानकारी के मुताबिक, चव्हाण ने बुधवार दोपहर महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बंद दरवाजे में काफी देर तक बातचीत हुई, जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफे की जानकारी देते हुए बयान जारी कर कहा, ‘मैं 12/02/2024 की दोपहर से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंपता हूं।' चव्हाण नांदेड से कांग्रेस के विधायक हैं। वह पिछले काफी दिनों से पार्टी से नाराज बताए जा रहे थे। बीजेपी चव्हाण को राज्यसभा की सीट दे सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 10 से 12 विधायक भी चव्हाण के संपर्क में हैं और आने वाले समय में पाला बदल लेंगे।

महाराष्ट्र में कांग्रेस को हाल के दिनों में लगा यह तीसरा बड़ा झटका है। चव्हाण से पहले राज्य के पूर्व मंत्री रहे बाबा सिद्दीकी ने भी कांग्रेस से अपना 48 साल पुराना नाता तोड़ लिया था। वह शनिवार को कांग्रेस छोड़कर अजित पवार की नेतृत्व वाली एनसीपी में शामिल हो गए थे। उससे पहले महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने भी कांग्रेस का दामन छोड़ दिया था।

बता दें कि अशोक चह्वाण दिसंबर 2008 से नवंबर 2010 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे। दिसंबर 2008 में मुंबई आतंकी हमले के बाद जब विलासराव देशमुख को सीएम पद से हटाया गया, तब चह्वाण ने पद संभाला। वे महाराष्ट्र के संस्कृति विभाग, उद्योग, माइंस विभाग जैसी जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं।अशोक चह्वाण महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर राव चह्वाण के बेटे हैं।