संगीतकार ए आर रहमान की मां का निधन

एआर रहमान की मां का निधन,लंबे वक्त से थीं बीमार, भावुक पोस्ट के जरिए संगीतकार ने ट्वीट पर दी जानकारी, कहा मां खो देना बहुत बड़ा नुकसान और भावुक पल

Updated: Dec 28, 2020, 11:10 PM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

विश्वविख्यात भारतीय संगीतकार एआर रहमान की मां करीमा बेगम का निधन हो गया है। वे बढ़ती उम्र के चलते काफी समय से बीमार थी। चेन्नई में उनका निधन हुआ है। ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुके संगीतकार एआर रहमान अपनी मां के बेहद करीब थे। सोशल मीडिया पर रहमान ने अपनी मां की फोटो शेयर करके उनके निधन की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि आज सोमवार 28 दिसंबर को उनकी मां करीमा बेगम दुनिया से रुखसत हो गई हैं। उन्होंने इस फानी दुनिया को अलव‍िदा कह दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एक इंटरव्यू में रहमान ने बताया था कि उनकी मां ने ही उनमें संगीत की प्रतिभा को पहचाना और संगीत की शिक्षा दीक्षा दिलवाई। वे आज जो कुछ भी हैं अपनी मां की ही बदौलत हैं। रहमान के पिता भी संगीतकार थे, उनका नाम राजागोपाल कुलशेखरन था। वे मलयालम फिल्मों में संगीत देते थे। जब रहमान 9 साल के थे तब उनके पिता का निधन हो गया था। उनकी मां ने ही अकेले उन्हें पाला था। जब रहमान 11वीं क्लास में थे तब उन्होंने उन्हें संगीत की तालीम दिलवाना शुरू कर दिया था। करीमा बेगम संगीत और अध्यात्म में रुचि रखती थीं।

रहमान की मां के निधन की खबर मिलने के बाद से बॉलीवुड के तमाम सितारों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हर्षदीप कौर, शेखर कपूर ने करीमा बेगम के निधन पर दुख जताया है। सिंगर श्रेया घोषाल ने उनके निधन पर शोक जताया है, उन्होंने लिखा है कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को दुख सहने की शक्ति दे। श्रेया ने लिखा है कि वे उनसे मिल चुकी हैं, वे बहुत केयरिंग और लविंग स्वभाव की थीं। शेखर कपूर ने लिखा है कि मजबूत रहो, मेरे दोस्त। वहीं साउथ की एक्ट्रेस खुशबू सुंदर ने लिखा है "एक माँ को खोना अपूरणीय क्षति है।‘