जम्मू कश्मीर में बड़ा हादसा, वैष्णो देवी जा रही बस खाई में गिरी, 10 श्रद्धालुओं की मौत

जम्मू-कश्मीर के नेशनल हाइवे से एक यात्री बस गहरी खाई में गिर पड़ी। बस अमृतसर से यात्रियों को लेकर कटरा की ओर निकली थी। यात्री वैष्णव देवी में दर्शन करने जा रहे थे।

Updated: May 30, 2023, 10:27 AM IST

जम्मू कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक बस गहरी खाई में गिर गई, जिससे कई यात्रियों की मौत हो गई। वहीं कई यात्रियों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। अब तक 10 लोगों के मौत को सूचना आई है। घटना जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई।

पुलिस ने बताया कि घटना जम्मू में कटरा से करीब 15 किमी दूर झज्जर कोटली के पास हुई। हादसे के दौरान बस में करीब 75 यात्री सवार थे। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 20 जख्मी हो गए। मौके पर स्थानीय लोग, CRPF और SDRF ने लोगों को रेस्क्यू किया।

पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को जीएमसी जम्मू लाया गया है। 12 अन्य को स्थानीय सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना कैसे हुई, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। जिन यात्रियों को होश है, पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।