हिमाचल राज्यसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर, बहुमत के बाद भी हारी कांग्रेस, सुक्खू सरकार पर भी खतरा

हिमाचल प्रदेश राज्यसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार हर्ष महाजन और कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी को बराबर 34-34 वोट मिले थे। इसके बाद लॉटरी से विजेता की घोषणा की गई।

Updated: Feb 27, 2024, 09:18 PM IST

शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्यसभा चुनाव में मंगलवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। यहां बहुमत होने के बाद भी कांग्रेस प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। जबकि अल्पमत के बावजूद भाजपा उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। दरअसल, भाजपा तीन निर्दलीय और 6 कांग्रेस विधायकों से क्रॉस वोटिंग कराने में सफल रही।

राज्यसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार हर्ष महाजन और कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी को बराबर 34-34 वोट मिले थे। इसके बाद लॉटरी से विजेता की घोषणा की गई। इसमें बीजेपी के प्रत्याशी हर्ष महाजन का नाम निकला। इसके बाद उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया। हर्ष महाजन की जीत पर कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी ने बधाई दी है। वहीं क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस विधायकों पर तंज भी कसा।

हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी कहते हैं कि मैं हर्ष महाजन (भाजपा उम्मीदवार) को हार्दिक बधाई देता हूं। उन्होंने जीत हासिल की है। वह मेरी बधाई के पात्र हैं। मैं उनकी पार्टी से कहना चाहूंगा- आत्मनिरीक्षण करें और सोचें। एक 25 सदस्यीय पार्टी 43 सदस्यीय पार्टी के खिलाफ उम्मीदवार खड़ा करती है। बस एक ही संदेश है कि हम बेशर्मी से वह काम करेंगे जिसकी कानून अनुमति नहीं देता। मैं नौ विधायकों को भी धन्यवाद देना चाहूंगा क्योंकि उन्होंने मुझे मानव स्वभाव, उसकी चंचलता या उसकी दृढ़निश्चयीता के बारे में बहुत कुछ सिखाया है। 

दरअसल, हिमाचल में कांग्रेस को जिस बात की आशंका थी वही हुई। कांग्रेस को लग रहा था कि भाजपा यहां खरीद फरोख्त कर सकती है। राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की यह आशंका सही साबित हुई। अब पार्टी के पास सरकार बचाने की चुनौती है। भाजपा का दावा है कि हिमचल की कांग्रेस सरकार अल्पमत में है।

हिमाचल में राज्यसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद हर्ष महाजन ने कहा कि कांग्रेस की सरकार अपना बहुमत खो चुकी है। अगर शर्म है तो सीएम को इस्तीफा दे देना चाहिए। क्या बीजेपी यहां सरकार बनेगी, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ये पक्की बात है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार गिरनेगी और बीजेपी की सरकार बनेगी।

वहीं, सीएम सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि बीजेपी हिमाचल प्रदेश में गुंडागर्दी करने की कोशिश कर रही है। हिमाचल की यह संस्कृति नहीं है। बीजेपी द्वारा लोकतंत्र को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है।