बिहार के गया में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए तीन नक्सली

गया ज़िले के बाराचट्टी इलाक़े में हुई मुठभेड़, सुरक्षा बलों के मुताबिक़ मारे गए नक्सलियों में एक 10 लाख का इनामी ज़ोनल कमांडर भी शामिल

Updated: Nov 22, 2020, 06:23 PM IST

Photo Courtesy: Zee News
Photo Courtesy: Zee News

गया। बिहार के गया जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें एक 10 लाख के इनामी नक्सली समेत तीन नसक्लियों को ढेर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने बाराचट्टी के महुआरी में नगरपुरडीह की महिला मुखिया के देवर वीरेंद्र यादव और उनके एक सहयोगी की गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद बिहार पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों से उनका सामना हुआ।

देर रात करीब 12 बजे मुठभेड़ शुरू हुई। दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई, जिसमें 10 लाख का इनामी जोनल कमांडर आलोक यादव मौके पर ही मारा गया। दो अन्य नक्सली घायल होने के बाद मौके से भाग गए। हालांकि बाद में पुलिस को उन दोनों की लाश मिली। सुरक्षाबलों की तरफ से अब भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मारे गए नक्सलियों के पास से सुरक्षाबलों ने एक एके-47 और एक इंसास राइफल के साथ ही कई कारतूस और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

जानकारी के मुताबिक, वीरेंद्र यादव और उसके परिवार से नक्सलियों की पुरानी दुश्मनी थी। कुछ साल पहले वीरेंद्र यादव के भाई की हत्या नक्सलियों ने कर दी थी। जिसके बाद नक्सलियों के डर से वीरेंद्र ने अपना गांव छोड़ दिया और बाराचट्टी शहर में रहने लगा। छठ के पर्व की वजह से वह अपने गांव आया हुआ था। नक्सलियों को इसकी भनक लग गई। छठ पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हमला कर दिया और वीरेंद्र की हत्या कर दी।