कर्नाटक में है लूट-झूठ की सरकार, राज्य में भाजपा सरकार ने की 1.50 लाख करोड़ की लूट: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी ने विधायकों को खरीदकर कर्नाटक में एक ऐसी सरकार बनाई, जिसकी नीयत शुरू से ही गलत थी। नतीजा यह हुआ कि प्रदेश में विकास कार्य रुक गए और भ्रष्टाचार हुआ।

Updated: Apr 30, 2023, 05:19 PM IST

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। राज्य में कांग्रेस नेताओं की ताबड़तोड़ रैलियां हो रही है। इसी क्रम में रविवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने खानापुर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान प्रियंका गांधी ने राज्य की मौजूदा बीजेपी सरकार पर जोरदार हमला बोला। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने कर्नाटक से 1.50 लाख करोड़ रुपये लूटे हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा यह लूट की, झूठ की सरकार है। राज्य में भाजपा सरकार ने 1.50 लाख करोड़ की लूट की है। उन्होंने कहा कि, 'इन पैसों से कर्नाटक में 100 AIIMS के अस्पताल, बच्चों के लिए 30,000 स्मार्ट क्लासरूम, 30 लाख गरीबों के लिए घर बन सकते थे। बीजेपी ने विधायकों को खरीदकर कर्नाटक में एक ऐसी सरकार बनाई, जिसकी नीयत शुरू से ही गलत थी। नतीजा यह हुआ कि प्रदेश में गवर्नेंस कम हो गया, मुख्यमंत्री बदले गए, विकास कार्य रुक गए, भ्रष्टाचार हुआ।'

यह भी पढ़ें: जन की बात कब सुनेंगे प्रधानमंत्री, कांग्रेस नेता अरुण यादव ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, 'आज कर्नाटक की बीजेपी सरकार, 40 फिसदी कमीशन सरकार के नाम से जानी जाती है। इस चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी मुद्दे हैं। अगर बीजेपी के नेता जनता का ध्यान कहीं और भटकाना चाहते हैं तो वे यह करें, लेकिन हम नहीं करेंगे।' कांग्रेस महासचिव ने मंच से कर्नाटक की महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार बनते ही आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय 15 हजार रुपये किया जाएगा। साथ ही मिनी आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय 10,000 रुपये तक किया जाएगा।

प्रियंका गांधी ने ऐलान करते हुए कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनते ही आशा बहनों का मानदेय 8 हजार रुपये तक किया जाएगा। इसके अलावा मिड-डे मील की बहनों का मानदेय 5 हजार रुपये तक बढ़ाया जाएगा। वहीं, आंगनबाड़ी से रिटायरमेंट के बाद: 3 लाख और मिनी आंगनबाड़ी से रिटायरमेंट के बाद 2 लाख रुपये दिए जाएंगे।