लोकतंत्र खत्म कर चीन और रूस जैसी व्यवस्था बनाने पर उतारू है BJP: अशोक गहलोत

अशोक गहलोत ने कांग्रेस के बैंक खाते ‘फ्रीज’ किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है।

Updated: Mar 22, 2024, 06:33 PM IST

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते को ‘फ्रीज’ किए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है और देश बेहद खतरनाक दौर से गुजर रहा है। भाजपा लोकतंत्र खत्म कर चीन और रूस जैसी व्यवस्था बनाने पर उतारू है।

जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में गहलोत ने कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। मोदी-शाह के बगैर तो आप समझ सकते हैं कि केंद्र में एक पत्ता भी नहीं ह‍िलता। अब तो इनकी पार्टी वाले खुद ही इस बारे में टिप्पणी करने लगे हैं।’ 

गहलोत ने कहा कि ये मुद्दा गांव-गांव तक जा पहुंचा है और इस सरकार को ले डूबेगा। उन्होंने कहा, ‘देश में यह मुद्दा ऐसा बना है कि पूरे देश में बहुत बड़ी प्रतिक्रिया है। देश खतरनाक दौर से गुजर रहा है। देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है, संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं। 

गहलोत ने इस मुद्दे को लेकर बाद में 'एक्स' पर पोस्ट किया, ‘लोकतंत्र की हत्या पर आमादा बीजेपी।इलेक्टोरल बॉण्ड का महाघोटाला करने वाली बीजेपी ने कांग्रेस के बैंक खाते ‘फ्रीज’ करके और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवाकर साफ कर दिया है कि वह चुनाव जीतने के लिए सारे हथकंडे अपनाएगी।’

कांग्रेस नेता गहलोत ने आगे लिखा, ‘बीजेपी की यह तानाशाही प्रवृत्ति लोकतंत्र के आधार चुनावों का गला घोंटकर चीन और रूस जैसी व्यवस्था बनाने पर उतारू है।’