राजस्थान में मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, किरोड़ी लाल मीणा, राज्यवर्धन राठौर सहित 22 मंत्री बनाए गए

भाजपा ने सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को भी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया है। टीटी श्रीकरणपुर से बीजेपी के प्रत्याशी हैं। करणपुर में अभी चुनाव नहीं हुआ है। वहां पूर्व में कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव टाल दिया गया था। वहां अब पांच जनवरी को मतदान होगा।

Updated: Dec 30, 2023, 04:29 PM IST

राजस्थान में भजनलाल सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार आखिरकार आज हो गया। शनिवार को कुल 22 लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें 12 कैबिनेट और 5 राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार), 5 राज्य मंत्री हैं। राज्यपाल कलराज मिश्र ने 22 मंत्रियों को शपथ दिलाई। सांसद पद छोड़कर विधायक बने राज्यवर्धन राठौर, किरोड़ी लाल मीणा को मंत्री पद दिया गया है। 

शपथ में भाजपा ने एक बार फिर सभी को चौंका दिया है। भाजपा ने सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को भी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया है। सुरेंद्र पाल सिंह टीटी के मंत्री पद की शपथ के बाद मोदी के समर्थन में नारे लगे। उन्हें विधायक से पहले मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। वे श्रीकरणपुर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। वहां पूर्व में कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव टाल दिया गया था। वहां अब पांच जनवरी को मतदान होगा।

कैबिनेट मंत्री

किरोड़ीलाल मीणा, गजेंद्र सिंह खींवसर, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, बाबूलाल खराड़ी, मदन दिलावर, जोगाराम पटेल, सुरेश सिंह रावत, अविनाश गहलोत, जोराराम कुमावत, हेमंत मीणा, कन्हैयालाल चौधरी, सुमित गोदारा

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)

संजय शर्मा, गौतम कुमार दक, झाबर सिंह खर्रा, सुरेंद्र पाल टीटी, हीरालाल नागर

राज्य मंत्री

ओटाराम देवासी, विजय सिंह चौधरी, मंजू बाघमार, केके विश्नोई, जवाहर सिंह बेढ़म

बता दें कि बीजेपी ने राजस्थान में 115 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस को 69 सीटें मिलीं। राज्य की 200 में से 199 सीटों पर मतदान हुआ था। एक सीट पर उम्मीदवार के निधन की वजह से चुनाव टाल दिया गया था। पार्टी ने सभी को चौंकाते हुए पहली बार विधायक बने भजनलाल शर्मा को राजस्थान का नया सीएम बनाया। उन्होंने 15 दिसंबर को सीएम पद की शपथ ली थी। उनके साथ दो डिप्टी सीएम दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने भी शपथ ली थी।