चीन से जुड़े 230 ऐप्स बैन करने की तैयारी में सरकार, आईटी मंत्रालय ने शुरू की प्रक्रिया

केंद्र सरकार ऐसे कुल 232 ऐप पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रही है, जिसमें बेटिंग के 138 ऐप जबकि 94 लोन ऐप शामिल हैं

Publish: Feb 05, 2023, 12:00 PM IST

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर

नई दिल्ली। केंद्र सरकार एक बार फिर भारी मात्रा में चीन से जुड़े ऐप पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रही है। भारत सरकार चीन के कुल 232 ऐप पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रही है। चीनी ऐप पर प्रतिबंध लगाने तथा ब्लॉक करने को सुनिश्चित करने के लिए आईटी मंत्रालय ने इसकी तैयारी भी कर ली है।

भारत सरकार जिन 232 ऐप को बैन और ब्लॉक करने की तैयारी कर रही है, वे लोन और बेटिंग से संबंधित ऐप हैं। इसमें बेटिंग के कुल 138 जबकि लोन देने वाले 94 ऐप शामिल हैं। गृह मंत्रालय तमाम ऐप की सूची आईटी मंत्रालय को भेज दी है। लिहाज़ा आईटी मंत्रालय ने भी आईटी एक्ट के सेक्शन 69 के तहत इन ऐप्स पर कार्रवाई करने की शुरुआत कर दी है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक गृह मंत्रालय ने कुछ महीने पहले लगभग 288 ऐप्स का विश्लेषण शुरू किया था। जिसमें 232 ऐसे मिले जो भारतीय यूजर्स के डेटा को खतरा पहुंचा सकते थे। ऐसे में गृह मंत्रालय ने आईटी मंत्रालय को तत्काल प्रभाव से इन ऐप्स को बैन और ब्लॉक करने का आदेश दिया है। 

चीनी ऐप पर प्रतिबंध लगाने की शुरुआत गालवान घाटी में हुई चीनी झड़प के बाद हुई थी। तब से लेकर अब तक भारत सरकार 200 से अधिक चीनी ऐप्स को प्रतिबंधित कर चुकी है। जिसमें टिकटॉक, शेयरइट, वीचैट, यूसी न्यूज़ जैसे ऐप्स शामिल हैं।