हिमाचल में बादल फटने से कोहराम, 2 की मौत और 50 लोग लापता, राहुल गांधी ने सीएम सुक्खू से की बात

हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि एक ही रेंज में 3-5 जगहों पर बादल फटे हैं। करीब 50 लोग लापता हैं, 2 शव बरामद हुए हैं। अगले 36 घंटों में भारी बारिश की संभावना है।

Updated: Aug 01, 2024, 02:14 PM IST

शिमला। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के बीच राज्य में तीन से पांच जगहों पर बादल फटने से भीषण तबाही मची है। कुल्लू के निरमंड ब्लॉक, मलाणा और मंडी जिले में बादल फटे हैं। बादल फटने की घटनाओं में 2 की मौत हो गई वहीं 52 लोग लापता बताए जा रहे हैं। आपदा की इस घड़ी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की और हालातों का जायजा लिया।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, 'शिमला, मंडी और कुल्लू में बादल फटने और भारी वर्षा से कई लोगों की मृत्यु और लापता होने का समाचार अत्यंत दुखद है। इस कठिन घड़ी में सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी से बात कर इस विषम परिस्थिति का जायज़ा लिया है। उन्होंने बताया कि वो स्वयं इन घटनास्थलों पर जा रहे हैं और इसी दौरान NDRF, SDRF और प्रदेश प्रशासन इस संकट की घड़ी में राहत और बचाव कार्यों में प्रतिबद्धता के साथ लगातार सम्मिलित है। सभी लापता लोगों की जल्द से जल्द खोज की आशा कर रहा हूं।'

वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, 'अभी हमारी बैठक हुई है, सुबह करीब 4:40 बजे एक ही रेंज में 3-5 जगहों पर बादल फटे हैं। लगभग 50 लोग लापता हैं, 2 शव बरामद हुए हैं। अगले 36 घंटों में भारी बारिश की संभावना है। सभी डिप्टी कमिश्नर को निर्देश दिए गए हैं, डिप्टी कमिश्नर, SDRF, NDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है।'

शिमला-कुल्लू सीमा पर भी बादल फटा है, जिससे भारी तबाही मची है। कई मकान, स्कूल और अस्पताल ध्वस्त हो गए हैं। यहां बी कई लोगों के लापता होने की खबर है। इलाके में राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। कुल्लू के निरमंड इलाके में बादल फटने के बाद 19 लोग लापता हो गए हैं।