आज सीएम पद की शपथ लेंगे चरणजीत चन्नी, राहुल गांधी होंगे शपथ ग्रहण में शामिल

चरणजीत चन्नी के अलावा रंधावा को डिप्टी सीएम बनाने की बात चल रही है, वहीं रंधावा के अलावा किसी हिंदू चेहरे को भी डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है

Updated: Sep 20, 2021, 05:57 AM IST

नई दिल्ली। इतिहास में पहली बार आज पंजाब को पहला दलित मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है। चरणजीत सिंह चन्नी आज पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। चन्नी सुबह ग्यारह बजे शपथ लेने वाले हैं। 

चरणजीत सिंह चन्नी के शपथ ग्रहण में शिरकत करने के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल होने हैं। राहुल के शामिल होने की खबरों के बाद अब कैप्टन अमरिंदर सिंह के भी शपथ ग्रहण में शामिल होने के कयास लगने शुरू हो गए हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने रविवार शाम को चन्नी को सीएम घोषित होने पर बधाई भी दी थी। 

यह भी पढ़ें : पंजाब को मिला नया कैप्टन, चरणजीत सिंह चन्नी होंगे नए सीएम

चरणजीत चन्नी के अलावा रविवार तक सीएम पद की रेस में रहे सुखजिंदर सिंह रंधावा को डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है। सुखजिंदर सिंह रंधावा के अलावा कांग्रेस किसी हिंदू चेहरे को भी डिप्टी सीएम बना सकती है। हिंदू चेहरे के तौर पर विजय सिंगला, भारत भूषण आशु और ब्रह्म मोहिंद्रा के नाम की चर्चा है। 

शनिवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद अगले दिन रविवार को कांग्रेस खेमे में सीएम चुनने को लेकर भारी मंथन हुआ। पहले सुखजिंदर सिंह रंधावा को सीएम बनाए जाने के कयास लगने शुरू हुए। रंधावा के घर पर विधायकों का आना जाना भी शुरू हो गया। लेकिन अचानक ही नाटकीय मोड़ आया और पार्टी का एक धड़ा दलित चेहरे को सीएम बनाने की मांग करने लगा। इसके बाद चिमकौर साहिब से विधायक चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बनाने की घोषणा की गई।