चार राज्यों में चुनाव से पहले कांग्रेस ने नियुक्त किए ऑब्जर्वर, गहलोत केरल और बघेल असम की संभालेंगे ज़िम्मेदारी
इस साल केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम के साथ साथ पुडुचेरी में चुनाव होने हैं

नई दिल्ली। चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने ऑब्जर्वर नियुक्त कर दिए हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को केरल की ज़िम्मेदारी मिली है तो वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को असम की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।
इस वर्ष चार राज्यों केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव होना है। इन राज्यों में चुनाव प्रचार का प्रबंधन देखने के लिए कांग्रेस ने 12 नेताओं को अपना ऑब्जर्वर नियुक्त किया है।
असम की ज़िम्मेदारी भूपेश बघेल, मुकुल वासनिक और शकील अहमद खान को दी गई है। केरल में अशोक गहलोत, Luizinho Falerio और G Parameshwara कांग्रेस के ऑब्जर्वर होंगे। तमिलनाडु और पुडुचेरी में वीरप्पा मोइली, एमएम पल्लमराजू और नितिन राउत के कंधों पर ज़िम्मेदारी होगी। जबकि पश्चिम बंगाल में बीके हरिप्रसाद, अलामगीर आलम और विजय इंदर सिंगला कांग्रेस के ऑब्जर्वर होंगे।
कांग्रेस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सीनियर ऑब्ज़र्वर नियुक्त किए गए ये सभी नेता कांग्रेस के महासचिवों और राज्यों के प्रभारियों के साथ सामंजस्य स्थापित कर अपनी ज़िम्मेदारी निभांएगे। इन चारों राज्य और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में से कांग्रेस सिर्फ पुडुचेरी में ही सत्ता में है। जबकि असम में बीजेपी, पश्चिम बंगाल में टीएमसी और तमिल नाडु में बीजेपी, AIDMK के साथ सत्ता में भागीदार है।