शिवसेना शिंदे गुट में शामिल होंगे कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा, हाल ही ने कहा था कि कांग्रेस छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे

कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा अपने समर्थकों के साथ महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने जा रहे हैं।

Updated: Jan 13, 2024, 06:20 PM IST

मुंबई। लोकसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र कांग्रेस को बड़ा झटका लगने जा रहा है। कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने शनिवार को यह घोषणा की है। देवड़ा के साथ कुछ पूर्व नगरसेवक शिंदे गुट में शामिल होंगे।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही मिलिंद देवड़ा ने शिंदे गुट में शामिल होने की अटकलों को सिरे से खारिज किया था। तब उन्होंने साफ कहा था कि वे कांग्रेस छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। हालांकि, कुछ ही दिन के बाद उनके सुर बदल गए और उन्होंने शिंदे गुट में शामिल होने का निर्णय लिया।

मिलिंद देवड़ा दिवंगत कांग्रेस नेता मुरली देवड़ा के बेटे हैं। मुंबई दक्षिण सीट पारंपरिक रूप से कांग्रेस जीतती आई है और देवड़ा परिवार कई साल से इस संसदीय क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। लेकिन इस सीट से मौजूदा सांसद उद्धव गुट के नेता अरविंद सावंत हैं। सावंत इस सीट से दो बार चुने जा चुके हैं।

लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन इंडिया में सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा हो रही है। इस गठबंधन में उद्धव गुट की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) भी अहम साझेदार है। चूंकि, उनके नेता अरविंद सावंत दो बार इस सीट को जीत चुके हैं। ऐसे में उद्धव कांग्रेस को ये सीट नहीं देंगे। गठबंधन में टिकट न मिलने की वजह से मिलिंद देवड़ा अब पाला बदलने जा रहे हैं।