कांग्रेस के बैंक खाते फ्रिज, दिल्ली में यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, राहुल गांधी बोले- डरो मत मोदी जी

डरो मत मोदी जी, कांग्रेस धन की ताकत का नहीं, जन की ताकत का नाम है। हम तानाशाही के सामने न कभी झुके हैं, न झुकेंगे: राहुल गांधी

Updated: Feb 16, 2024, 02:17 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के सभी बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। आयकर विभाग ने 210 करोड़ की डिमांड की है। कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। माकन ने कहा कि देश कें अंदर लोकतंत्र पूरी तरह से खत्म हो गई है।

कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज करने के मुद्दे पर दिल्ली में यूथ कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी को हिरासत में लेने की कोशिश करती दिखी।

राहुल गांधी ने भी इस मामले में तीखी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'डरो मत मोदी जी, कांग्रेस धन की ताकत का नहीं, जन की ताकत का नाम है। हम तानाशाही के सामने न कभी झुके हैं, न झुकेंगे। भारत के लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर कांग्रेस कार्यकर्ता जी जान से लड़ेगा।'

कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि हम लोगों को परसों यह जानकारी मिली कि जो चेक हम लोग जारी कर रहे हैं। बैंक उन चेक को क्लियर नहीं कर रहे हैं। जब हम लोगों ने इस बारे में छानबीन की तो पता चला कि देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के सभी अकाउंट फ्रीज कर दिए गए हैं। कांग्रेस पार्टी के बैंक अकाउंट्स पर तालाबांदी हो गई है। यह कांग्रेस के अकाउंट्स फ्रीज नहीं हुए हैं।

माकन ने कहा कि हमारे देश में डेमोक्रेसी फ्रीज हुई है। हैरानी की बात यह है कि जब कुछ हफ्ते चुनाव घोषणा के लिए रह गए हों ऐसे समय में प्रमुख विपक्षी पार्टी के बैंक अकाउंट्स को फ्रीज कर के यह सरकार क्या दिखाना चाहती है?

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा ने जो असंवैधानिक धन इकट्ठा किया है, उसका इस्तेमाल वे चुनाव में करेंगे, लेकिन हमने क्राउडफंडिंग के जरिए जो पैसा इकट्ठा किया है, उसे सील कर दिया जाएगा।
इसीलिए हमने कहा है कि भविष्य में कोई चुनाव नहीं होंगे। हम न्यायपालिका से अपील करते हैं, कि इस देश में Multi-Party System को बचाएं और भारत के लोकतंत्र को सुरक्षित करें। हम सडकों पर उतरेंगे और इस अन्याय व तानाशाही के ख़िलाफ़ पुरज़ोर तरह से लड़ेंगे।