कोरोना के भारतीय स्ट्रेन ने बढ़ाई चिंता, ब्रिटेन, रूस समेत कई देशों ने भारत से आने वालों की एंट्री बैन की

ब्रिटेन ने भारत को रेड लिस्ट में डाला, रूस ने वीजा प्रक्रिया स्थगित किया, अमेरिका ने जारी किया एडवाइजरी, पाकिस्तान, हांगकांग और न्यूजीलैंड में भी भारतीयों की एंट्री बैन 

Updated: Apr 20, 2021, 08:34 AM IST

Photo Courtesy: India Today
Photo Courtesy: India Today

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के खतरनाक नए स्ट्रेन ने दुनिया को चिंतित कर दिया है। कई देशों से भारत से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगा दी है। ब्रिटेन ने भारत को रेड लिस्ट में डालते हुए यहां से आने वालों की एंट्री बैन की। उसके बाद अमेरिका ने भी अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर भारत न जाने को कहा है। रूस ने भारत की वीजा प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है। वहीं पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ने भी भारतीयों की एंट्री पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया है।

ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हेनकॉक ने हाउस ऑफ कॉमन्स में कहा की भारत को रेड लिस्ट की सूची में जोड़ा जा रहा है। भारत से किसी भी व्यक्ति को देश में आने से प्रतिबंधित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ब्रिटेन में भारतीय स्ट्रेन से संक्रमित करीब 103 मामले सामने आए हैं। ब्रिटेन ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है जब कल ही ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने अगले हफ्ते अपने भारत दौरे को रद्द करने का फैसला लिया।

यह भी पढ़ें: Covid-19 पीड़ितों के मृत्यु प्रमाण पत्र पर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर लगाने की उठी मांग

उधर अमेरिकी मेडिकल नियामक संस्था सेंटर फॉर डीजीज कंट्रोल ने भारत यात्रा को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। संस्था ने अमेरिकी नागरिकों को भारत यात्रा से बचने के लिए कहा है। सीडीसी ने कहा है कि पूरी तरह से वैक्सीनेटेड यानी जो लोग वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके हैं वे भी इस स्ट्रेन से संक्रमित हो सकते हैं और संक्रमण का प्रसार कर सकते हैं। 

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड ने भी बैन किया

भारत के खतरनाक स्ट्रेन को देखते हुए पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान ने भी सड़क या हवाईमार्ग के माध्यम से भारत से पाकिस्तान आने वाले लोगों की एंट्री बैन करने का फैसला लिया है। हांगकांग जैसे छोटे देश ने भी भारतीय यात्रियों को देश में आने से रोक लगा दिया है। इसके पहले न्यूजीलैंड भी भारतीयों की एंट्री पर बैन लगा चुका है। वहीं, रूस ने भी भारत में वीजा देने की प्रक्रिया को कुछ दिनों के लिए स्थगित करने का फैसला किया है। 

यह भी पढ़ें: भारत में पिछले 24 घंटे में 2.59 लाख नए मामले, 1761 की मौत, एक्टिव केस 20 लाख पार

दरअसल, भारत में मार्च से कोरोना की दूसरी लहर ने अपना प्रकोप बढ़ाना शुरू कर दिया है। कोरोना का यह नया स्ट्रेन काफी तेजी से फैल रहा है और देश में प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों की मौत और लाखों लोग संक्रमित हो रहे हैं। यह स्ट्रेन कितना खतरनाक है इस बात का अंदाजा ऐसे लगाया जा सकता है कि कई मामलों में देखा जा रहा है कि यह टीका ले चुके लोगों को भी संक्रमित कर उनकी जान ले रहा है। ऐसे में दुनियाभर के देश भारत के इस स्ट्रेन को अपने यहां फैलने देने का रिस्क नहीं लेना चाहते हैं।