कोरोना से बिगड़े हालात, पिछले 24 घंटे में मिले 1 लाख 41 हजार मरीज, 285 लोगों की मौत

भारत में 21 प्रतिशत बढ़े कोरोना केस, सक्रिय मामलों की संख्या 4 लाख 72 हजार के पार, पिछले 24 घंटे में करीब 41 हजार मरीज ठीक होकर घर लौटे, टीकाकरण का आंकड़ा डेढ़ अरब पार

Updated: Jan 08, 2022, 05:01 AM IST

Photo Courtesy: News18
Photo Courtesy: News18

नई दिल्ली। भारत में कोरोना के मामलों में तेजी से वृद्धि दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे में देश में 1 लाख 41 हजार 986 नए मरीज मिले हैं। इस दौरान 285 लोगों की मौतें हुई है। शुक्रवार को भारत में दैनिक पॉजिटिविटी रेट 9.28 फीसदी रहा। फिलहाल देश में 4 लाख 72 हजार 169 मरीजों का इलाज जारी है।

पिछले 24 घंटे में आए कोरोना के मामले बीते दिन के मुकाबले 21 फीसदी ज्यादा है। एक दिन पहले कोरोना संक्रमण के 1,17,100 मामले सामने आए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक सक्रिय मामलों की संख्‍या कुल मामलों का 1.34 फीसद हो गई है। साथ ही देश में रिकवरी रेट भी मामूली गिरावट के बाद 97.30 प्रतिशत तक पहुंच गया है। 

देश में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्‍या की बात करें तो यह पिछले 24 घंटे के दौरान 40 हजार 895 दर्ज की गई है। देश में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की कुल संख्‍या 3,44,12,740 हो गई है। भारत की साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 5.66 फीसद पहुंच गई है। देश में बीते 24 घंटे के दौरान 90 लाख 59 हजार 360 वैक्‍सीन की डोज लगाई गई है।राष्‍ट्रव्‍यापी वैक्‍सीनेशन अभियान के तहत अबतक डेढ़ अरब से ज्यादा डोज लग चुके हैं।