दिल्ली में धर्मशाला और देहरादून से भी ज्यादा ठंड, घने कोहरे की चपेट में पुरा उत्तर भारत

देश की राजधानी दिल्ली में शीतलहर जारी रहने के कारण घना कोहरा देखा जा रहा है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Updated: Dec 27, 2022, 03:34 AM IST

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत शीत लहर और घने कोहरे की चपेट में है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को लोगों ने कड़ाके की ठंड का सामना किया। सोमवार को दिल्ली धर्मशाला और देहरादून से भी ज्यादा ठंडी रही।

दिल्ली के सफदरजंग इलाके में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 15.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि धर्मशाला में तापमान 18 डिग्री और 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं देहरादून में यह 23.2 और 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

मंगलवार सुबह भी दिल्ली में शीतलहर जारी रहने के कारण घना कोहरा देखा गया। साथ ही न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे की वजह से सड़क पर गाड़ियां धीमी रफ्तार से चल रही है। पालम हवाईअड्डे पर सुबह साढ़े विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर रह गई। 

मौसम विभाग के अनुसार, अभी तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। नए साल तक अभी तापमान ऐसी ही ऊपर-नीचे होता रहेगा। दो दिन अभी शीत लहर व सर्दी परेशान करती रहेगी। अगले कुछ दिनों में दिल्ली समेत यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा व पहाड़ी राज्य उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कड़ाके ठंड पड़ेगी।

IMD के महानिदेशक एम महापात्र ने कहा कि शीतलहर उत्तर पश्चिम में राजस्थान और पंजाब से हरियाणा, दिल्ली और आगे दक्षिण पूर्व में उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है। मुख्य रूप से अगले 48 घंटों के लिए पंजाब और हरियाणा में कोल्ड डे की स्थिति रहने की उम्मीद है, लेकिन इसके बाद तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। भारत के ज्यादातर राज्यों में न्यूनतम तापमान 3 और 7 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जिसके दिसंबर के अंत तक 7-10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की उम्मीद है।

उधर कश्मीर के ज्यादातर इलाकों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। कई इलाकों में पानी की आपूर्ति लाइनें व डल झील के अंदरूनी हिस्से भी जम गए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक आज श्रीनगर में तापमान -3.5 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम -5.7 डिग्री सेल्सियस, -5 डिग्री, गुलमर्ग -13.4 और लेह -10.3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।