पाकिस्तान के लिए जासूसी करते पकड़ा गया DRDO साइंटिस्ट, महाराष्ट्र ATS ने किया गिरफ्तार

पाकिस्तानी एजेंट को खुफिया जानकारी शेयर करने के आरोप में महाराष्ट्र एटीएस ने DRDO के एक साइंटिस्ट को गिरफ्तार कर लिया है।

Updated: May 05, 2023, 08:41 AM IST

नई दिल्ली। डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) का एक साइंटिस्ट पाकिस्तान के लिए जासूसी करते पकड़ा गया है। महाराष्ट्र एटीएस ने आरोपी वैज्ञानिक को पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। डीआरडीओ के इस साइंटिस्ट का नाम प्रदीप कुरुलकर है। बताया जा रहा है कि डीआरडीओ के इस वैज्ञानिक को एक पाकिस्तानी एजेंट ने हनीट्रैप में फंसाया था।

एटीएस के सूत्रों ने बताया कि साइंटिस्ट कुरुलकर को पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिंग (PIO) के एक शख्स ने हनीट्रैप में फंसा लिया था। इसके बाद आरोपी वैज्ञानिक ने संवेदनशील जानकारी जमा करनी शुरू कर दी और इसे पाकिस्तान के शख्स को देने लगा। बताया जा रहा है कि फरवरी में भारतीय खुफिया एजेंसियों को इस बात का पता चला था कि साइंटिस्ट प्रदीप कुरुलकर अनजाने में हनीट्रैप में फंस गए हैं। वीडियो चैट और अन्य सोशल मीडिया के जरिए से वो पाकिस्तान इंटेलिजेंस एजेंसी के संपर्क में है। इसके बाद इसकी जानकारी डीआरडीओ को दी गई।

यह भी पढ़ें: मणिपुर में स्थिति आउट ऑफ कंट्रोल, सरकार ने दिया शूट एट साइट का आदेश

पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद डीआरडीओ के विजिलेंस विभाग ने जांच शुरू की और एक रिपोर्ट तैयार की। इस रिपोर्ट के बारे में विभिन्न भारतीय जांच एजेंसियों को बताया गया। इसके बाद महाराष्ट्र एटीएस ने मामले की जांच की और डॉ. कुरुलकर को गिरफ्तार किया। बता दें कि कुरुलकर इसी साल नवंबर में रिटायर होने वाले हैं। अब तक की जांच में जांच एजेंसियों ने पाया कि अनजाने में वे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों के संपर्क में आ गए।

महाराष्ट्र एटीएस की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज में बताया गया है कि वैज्ञानिक को पता था कि उनके पास जो गुप्त आधिकारिक जानकारी है अगर वह दुश्मन को मिल जाती है तो इससे देश की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसके बावजूद उन्होंने ये जानकारी हनी ट्रैप में फंस कर पाकिस्तानी शख्स को मुहैया कराई। इसके आधार पर उनके खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम से संबंधित धाराओं के तहत मुंबई में एटीएस की कालाचौकी यूनिट में केस दर्ज किया गया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।