पंजाबी सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या, कल ही पंजाब सरकार ने वापस ली थी सुरक्षा

पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई, एक दिन पहले ही पंजाब की आप सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस ली थी, उन्होंने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था

Updated: May 29, 2022, 02:11 PM IST

मानसा। पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक दिन पहले ही पंजाब की आप सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस ली थी। मूसेवाला ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मूसेवाला पर मानसा के जवाहरके गांव के पास फायरिंग हुई। इस दौरान वह स्वयं वाहन ड्राइव कर रहे थे। घटना के बाद मूसेवाला को गंभीर हालत में मानसा के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना में मूसेवाला के साथ रहे दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। 

बताया जा रहा है कि मूसेवाला को गैंगस्टरों से धमकियां मिली थी। इसके बावजूद पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए एक दिन पहले ही मूसेवाला समेत 424 VIP की सुरक्षा वापस ली थी। मूसेवाला ने पंजाब विधानसभा चुनाव में मानसा सीट से आम आदमी पार्टी के विजय सिंगला के खिलाफ चुनाव भी लड़ा था।

मूसेवाला के पास पहले करीब 8 से 10 गनमैन थे। लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार ने सुरक्षा वापस लेते हुए उनके पास सिर्फ 2 ही गनमैन छोड़े थे। उनकी हत्या से पंजाब पुलिस और भगवंत मान सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।