टेकऑफ के समय फ्लाइट के इंजन में लगी आग, दिल्ली से बेंगलुरु जा रहा था प्लेन

इंडिगो की फ्लाइट के इंजन में आग लग गई। उड़ान भरते समय यह हादसा हुआ। हालांकि, हादसे के बाद सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Updated: Oct 29, 2022, 07:43 AM IST

नई दिल्ली। दिल्ली से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट के इंजन में आग की खबर सामने आई है। विमान में बैठे यात्रियों में उस समय हडकंप मच गया, जब उन्होंने खिड़की से इंजन में लगी आग को देखा। विमान के उड़ान भरते समय ही यह घटना सामने आई। इस कारण विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-2131) में यह हादसा हुआ है। घटना को लेकर इंडिगो एयरलाइन की तरफ से बयान जारी किया गया। इसमें बताया गया कि दिल्ली से बैंगलोर के लिए उड़ान भरने वाले विमान 6E2131 को टेक ऑफ रोल के दौरान एक तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। इसके तुरंत बाद पायलट ने टेक ऑफ को रोक दिया। विमान अपने बे में लौट आया। 

एयरलाइन ने कहा कि सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सेफ हैं। साथ ही फ्लाइट ऑपरेशन के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।

यह भी पढ़ें: बिहार के औरंगाबाद में बड़ा हादसा, छठ का प्रसाद बनाते वक्त सिलेंडर ब्लास्ट, 50 लोग झुलसे

यात्रियों में से एक यात्री प्रियंका कुमार ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि फ्लाइट रनवे पर थी और अगले कुछ ही सेकेंड में टेकऑफ करने वाली थी। तभी मैंने अपनी विंडो से देखा कि फ्लाइट के विंग के पास से चिंगारी निकल रही है। कुछ ही सेकेंड में ये चिंगारी भयानक आग में बदल गई। इसके बाद हमने पायलट ने सूचना दी कि विमान में कुछ तकनीकी खराबी के कारण ऐसा हुआ है। फ्लाइट को तुरंत रोक दिया गया।

प्रियंका ने कहा कि घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर आ गई। इस घटना में फ्लाइट के अंदर बैठे यात्री और क्रू मेंबर में से कोई भी हताहत नहीं हुआ। हमारे विमान को चारो तरफ से दमकल की कई गाड़ियों ने घेरा हुआ था। वो आग बुझाने की कोशिशों में जुटे थे। विमान में आग लगने के बाद किसी को भी तुरंत बाहर नहीं निकाला गया था। जिस समय ये आग दिखी तो फ्लाइट के अंदर बैठे लोग काफी खबरा गए थे। इंडिगो ने हमारे लिए अलग से एक फ्लाइट अरेंज की, जिससे हम बैंगलुरु गए।