पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की हालत अब स्थिर, कल तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली ऐम्स में कराया गया था भर्ती

ऐम्स के अधिकारियों ने कहा कि 89 वर्षीय कांग्रेस नेता को बुखार की जांच के लिए ऐम्स में भर्ती कराया गया था, अब उनकी हालत स्थिर है, उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है

Updated: Oct 14, 2021, 04:19 AM IST

Photo Courtesy: Scoop Beats
Photo Courtesy: Scoop Beats

नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली स्थित ऐम्स में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। इस बात की जानकारी ऐम्स के अधिकारियों ने दी है। बताया जा रहा है कि दो दिनों से उन्हें बुखार था। बुखार की जांच के लिए डॉक्टरों के सलाह के बाद कल उन्हें एडमिट कराया गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक एम्स कार्डियो टावर में डॉ. नितीश नायक के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम पूर्व प्रधानमंत्री डॉ सिंह का उपचार कर रही है। सिंह की तबियत को लेकर देशवासियों की चिंताओं को देखते हुए ऐम्स प्रशासन ने भी आधिकारिक बयान जारी किया है। ऐम्स प्रशासन ने कहा है कि, '89 वर्षीय कांग्रेस नेता को बुखार की जांच के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती किया गया था, उनकी हालत स्थिर है।'

यह भी पढ़ें: केंद्रीय कृषि मंत्री के क्षेत्र में किसानों की दुर्गति, घंटों धूप में खड़े रहे, फिर खाद के बदले मिली लाठियां

कांग्रेस पार्टी के एक सूत्र ने मीडिया को बताया कि दो दिन पहले उन्हें बुखार आया था। बुखार उतरने के बाद वह कमजोरी महसूस कर रहे थे। बुधवार को डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया। वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं और चिंता की कोई बात नहीं है।' पूर्व पीएम के ऐम्स में भर्ती होने के बाद देशभर के लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। कांग्रेस के अलावा अन्य सभी दलों के दिग्गज नेताओं ने भी ट्वीट कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। 

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह जी के अस्वस्थ होने की जानकारी मिली है। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।' राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के सीएम चरनजीत सिंह चन्नी, छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल समेत अन्य दिग्गजों ने भी ट्वीट कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।