राघौगढ़ की माटी से मेरा जन्म-जन्मांतर का रिश्ता, अंतिम सांस तक क्षेत्रवासियों के लिए रहेगा समर्पण: दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह ने एक्स पोस्ट में लिखा कि राघौगढ़ उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना घर है। यहां के लोग केवल क्षेत्रवासी नहीं, बल्कि उनके परिवार के सदस्य हैं।
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार को पांच दिवसीय दीपोत्सव विश्राम के बाद दूसरे चरण में राघौगढ़ से शुरू हुई। अपने गृह क्षेत्र राघौगढ़ में दिग्विजय सिंह को नगरवासियों का ऐसा आत्मीय और भव्य स्वागत मिला कि वे भावविभोर हो गए। लोगों के स्वागत, स्नेह और अपनत्व से अभिभूत दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए राघौगढ़ को अपना घर और यहां के लोगों को अपना परिवार बताया। उन्होंने कहा कि राघौगढ़ के लोगों के प्रति उनका समर्पण जीवन की अंतिम सांस तक बना रहेगा।
दिग्विजय सिंह ने एक्स पोस्ट में लिखा कि राघौगढ़ उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना घर है। यहां के लोग केवल क्षेत्रवासी नहीं, बल्कि उनके परिवार के सदस्य हैं। उनसे उनका रिश्ता राजनीति का नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चले आ रहे प्रेम, विश्वास, आत्मीयता और अपनत्व का है। उन्होंने कहा कि जिस तरह राघौगढ़ नगरवासियों ने पलक-पांवड़े बिछाकर सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का आत्मीय और भव्य स्वागत किया, उसने उन्हें भावविभोर कर दिया। ऐसा स्नेह, सम्मान और स्वागत-सत्कार अपने ही अपनों का होता है।
घर का लाड़-प्यार और अपनापन ही कुछ अलग होता है। राघौगढ़ मेरे लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि मेरा अपना घर है। यहाँ के लोग मेरे लिए केवल क्षेत्रवासी नहीं, बल्कि मेरे अपने परिवार के सदस्य हैं। इनसे मेरा रिश्ता राजनीति का नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चले आ रहे प्रेम, विश्वास, आत्मीयता और अपनत्व का है। आज जिस प्रकार राघौगढ़ नगरवासियों ने पलक-पाँवड़े बिछाकर "सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा" का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया, उसने मुझे भावविभोर कर दिया। ऐसा स्नेह, ऐसा सम्मान और ऐसा स्वागत-सत्कार अपने ही अपनों का करते हैं। राघौगढ़ की माटी से मेरा जन्म-जन्मांतर का रिश्ता है। यहाँ के लोगों के सुख-दुःख सदैव मेरे अपने रहे हैं। इस क्षेत्र की हर गली, हर गाँव और हर परिवार से जुड़ी आत्मीय स्मृतियाँ मेरे जीवन की अमूल्य पूँजी हैं। मैं राघौगढ़ नगर के समस्त नागरिकों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों, युवाओं एवं अपने सभी प्रियजनों का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने इतनी आत्मीयता के साथ हमारा स्वागत किया और सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को अपना अपार प्रेम, आशीर्वाद एवं समर्थन प्रदान किया। राघौगढ़ का यही निःस्वार्थ और निश्छल प्रेम हमारे परिवार की सबसे बड़ी शक्ति, हमारी सबसे अनमोल विरासत और मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूँजी है। राघौगढ़ मेरा घर है, यहाँ के लोग मेरा परिवार हैं और इस परिवार के प्रति मेरा समर्पण जीवन की अंतिम साँस तक बना रहेगा। आप सभी के इस असीम स्नेह, आशीर्वाद और अपनत्व के लिए हृदय से धन्यवाद। #सत्य_सनातन_स्वाभिमान_यात्रा #SatyaSanatanSwabhimanYatra @INCIndia @INCMP @jitupatwari @JVSinghINC
— Office Of Digvijaya Singh (@OfficeOfDVS) November 11, 2026
दिग्विजय सिंह ने राघौगढ़ की माटी से अपने जन्म-जन्मांतर के रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के लोगों के सुख-दुख हमेशा उनके अपने रहे हैं। क्षेत्र की हर गली, हर गांव और हर परिवार से जुड़ी आत्मीय स्मृतियां उनके जीवन की अमूल्य पूंजी हैं। उन्होंने नगर के समस्त नागरिकों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों, युवाओं और अपने सभी प्रियजनों का हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि राघौगढ़ का निःस्वार्थ और निश्छल प्रेम उनके परिवार की सबसे बड़ी शक्ति, सबसे अनमोल विरासत और उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने अपने संदेश के अंत में लिखा, "राघौगढ़ मेरा घर है, यहां के लोग मेरा परिवार हैं और इस परिवार के प्रति मेरा समर्पण जीवन की अंतिम सांस तक बना रहेगा।" दिग्विजय सिंह ने यात्रा को मिले प्रेम, आशीर्वाद और समर्थन के लिए सभी का धन्यवाद किया। 
राघौगढ़ में आयोजित विशाल आमसभा में भी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को व्यापक जनसमर्थन मिला। दिग्विजय सिंह ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि यात्रा को मिल रहा अपार जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि आमजन भी अयोध्या के प्रभु श्रीराम मंदिर में चंदे और चढ़ावे की चोरी एवं अनियमितताओं के आरोपों को अपनी आस्था पर चोट मान रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा का संदेश गांव-गांव और नगर-नगर तक पहुंच रहा है। यात्रा का उद्देश्य प्रभु श्रीराम के नाम पर प्राप्त दान और चढ़ावे के एक-एक रुपये का हिसाब पारदर्शी करना, अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराना और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा किसी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध नहीं, बल्कि सनातन धर्म की पवित्रता, श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक संस्थाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने का जनजागरण अभियान है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म सत्य, न्याय, करुणा और सदाचार का मार्ग दिखाता है। धर्म के नाम पर किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या अनियमितता स्वीकार्य नहीं हो सकती। बता दें कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से हुई थी। पांच दिवसीय दीपोत्सव विश्राम के बाद 11 नवंबर को यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत हुई है।




