घर जाकर खाना बनाओ, NCP सांसद सुप्रिया सुले पर महाराष्ट्र बीजेपी चीफ ने किया सेक्सिस्ट कमेंट

महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल के सेक्सिस्ट कमेंट पर सुप्रिया सुले के पति सदानंद सुले ने कहा कि मुझे अपनी पत्नी पर गर्व है, जो एक गृहणी, मां और राजनीतिज्ञ हैं

Updated: May 26, 2022, 05:46 PM IST

Photo Courtesy: The New Indian Express
Photo Courtesy: The New Indian Express

मुंबई। महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महिला सांसद सुप्रिया सुले पर सेक्सिस्ट कमेंट करने के बाद विवादों में आ गए हैं। NCP नेताओं ने पाटिल की आलोचना करते हुए उन्हें स्त्री विरोधी करार दिया है। दरअसल, बीजेपी अध्यक्ष ने सुले को लेकर कहा था कि उन्हें राजनीति नहीं आती, घर जाएं और खाना बनाएं। वहीं सुप्रिया सुले के पति ने उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा है कि मुझे अपनी पत्नी पर गर्व है।

दरअसल, महाराष्ट्र में नौकरियों और शिक्षा में ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षण को लेकर दोनों पार्टियों के बीच विवाद जारी है। सुप्रिया सुले ने ओबीसी कोटा के लिए आरक्षण की महाराष्ट्र की लड़ाई की तुलना मध्य प्रदेश से की थी। उन्होंने पार्टी की एक बैठक में कहा था कि, 'मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री दिल्ली आए और किसी से मिले। मुझे नहीं पता कि अगले दो दिनों में अचानक क्या हुआ और उन्हें ओबीसी आरक्षण के लिए हरी झंडी मिल गई।

सुप्रिया सुले के इस बयान पर इस बयान पर पलटवार करते हुए महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा, 'आप राजनीति में क्यों हैं? घर जाएं और खाना बनाएं। आप राजनीति में हैं और आपको नहीं पता कि मुख्यमंत्री से कैसे मिलना है? आप दिल्ली जाओ या नरक में जाओ या कहीं भी, लेकिन आरक्षण दो।' इस विवादित टिप्पणी पर पाटिल की चौतरफा आलोचना हो रही है।

इसी बीच मामले पर सुप्रिया सुले के पति सदानंद सुले जो राजनीति से अक्सर दूर रहते हैं का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, 'मैंने हमेशा यह कहा है कि वे (भाजपा) महिला द्वेषी हैं और जब भी संभव हो महिलाओं को नीचा दिखाते हैं। मुझे अपनी पत्नी पर गर्व है जो एक गृहिणी, मां और एक सफल राजनेता है, जो भारत में कई अन्य मेहनती और प्रतिभाशाली महिलाओं में से एक है। यह सभी महिलाओं का अपमान है।'