गोपालगंज: बारात में मुर्गा के साथ लिट्टी नहीं मिलने पर फायरिंग, एक की मौत कई घायल

गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना एरिया के नरकटिया गांव का मामला, गांव में आई बारात के दौरान चिकन के साथ नहीं मिली थी लिट्टी, भड़के लोगों ने की गोलीबारी

Updated: May 09, 2021, 08:38 AM IST

Photo Courtesy: Hindustan
Photo Courtesy: Hindustan

गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में एक शादी में खाने को लेकर हुए विवाद के दौरान जमकर गोलीबारी हुई। फायरिंग की इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि विवाद का कारण यह है कि खाने में बारातियों को चिकन के साथ लिट्टी नहीं परोसी गई थी। घायलों को इलाज के लिए गोपालगंज से गोरखपुर रेफर कर दिया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक जिले के उचकागांव थाना एरिया के नरकटिया गांव में राजेंद्र सिंह के पड़ोस में शनिवार को बारात आई थी। बारात में चिकन के साथ लिट्टी नहीं देने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी की नौबत आ गई। फायरिंग के दौरान राजेंद्र सिंह समेत उनके 3 पुत्रों को गोली लगी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने चारों घायलों को लेकर गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने राजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया।

गोपालगंज सदर अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद अन्य तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया। गोलीकांड की इस वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिसबल भी मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। उचकागांव थानाध्यक्ष अब्दुल मजीद ने बताया कि पीड़ित परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम छापामारी कर रही है।