40 फीसदी कमीशन वाली सरकार ने कर्नाटक को बेशर्मी से लूटा, प्रियंका गांधी का बोम्मई सरकार पर हमला

इन लोगों ने किसी को नहीं छोड़ा। स्कूल को नहीं छोड़ा, कोविड के मरीजों को नहीं छोड़ा, जहां मौका मिला वहां आपको लूटा। कहा जाता है कि कर्नाटक से 1.5 लाख करोड़ रुपए लूटे गए हैं: प्रियंका गांधी

Updated: Apr 25, 2023, 04:52 PM IST

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार में कांग्रेस ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। कांग्रेस महासचिव और विधानसभा चुनाव के लिए के लिए स्टार प्रचारकों में शामिल प्रियंका गांधी ने मंगलावर मैसूर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी सरकार पर जोरदार हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि यहां 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार चल रही है। इस सरकार ने कर्नाटक के लोगों को बेरहमी लूटा है। 

प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, 'कर्नाटक को कमजोर नेता मिले, बार बार मुख्यमंत्री बदले गए, मंत्री मंडल का विस्तार नहीं हुई, सरकार सही से चली ही नहीं। ये 40 फीसदी वाली सरकार ने सिर्फ जनता को लूटा। कर्नाटक की 40% सरकार ने आपको बेशर्मी और बेरहमी से लूटा है। भ्रष्टाचार के कारण कॉन्ट्रैक्टर ने आत्महत्या की, पुलिस भर्तियों में स्कैम हुए, हर तरह का भ्रष्टाचार किया गया। इसके खिलाफ पीएम को चिट्ठी लिखी गई, लेकिन कुछ नहीं हुआ।'

कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा, 'भर्तियों में घोटाला हुआ, पुलिस की भर्ती में स्कैम हुआ, लेकिन कहीं कोई दोषी नहीं पकड़ा गया, क्योंकि ज्यादातर घोटाले से जुड़े लोग बीजेपी से जुड़े हुए थे। आप ने पढ़ा होगा कि बीजेपी विधायक के बेटे के पास से 8 करोड़ रुपए कैश मिले, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इन लोगों ने किसी को नहीं छोड़ा। स्कूल को नहीं छोड़ा, कोविड के मरीजों को नहीं छोड़ा, जहां मौका मिला वहां आपको लूटा। कहा जाता है कि कर्नाटक से 1.5 लाख करोड़ रुपए लूटे गए हैं।'

यह भी पढ़ें: कांग्रेस की सरकार बनते ही पंचायतों को सारे अधिकार दिए जाएंगे, प्रदर्शनकारी जनपद सदस्यों से बोले दिग्विजय सिंह

प्रियंका गांधी ने कहा, 'देश और प्रदेश हमारी अपनी संस्कृति से बनता है। कर्नाटक की अपनी एक संस्कृति है। यह प्रदेश आपकी उसी संस्कृति, बड़े बुजुर्गों की सोच और आपकी मेहनत से बना है। इसी तरह सरकार वही है जो प्रदेश को आगे बढ़ाए, आपकी मदद करे और जिस पर आप विश्वास कर सके। खेत में काम करने वाले किसान, घर पर और खेती में भी हाथ बंटाने वाली महिलाओं सब ने मिलकर इस कर्नाटक को बनाया है।'

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, 'रोजगार कहां गए, पैसा कहां गया, उन वचनों का क्या हुआ जो आपने कर्नाटक की जनता से किए थे। हम सवाल उठा रहे हैं लेकिन BJP सरकार जवाब नहीं दे पा रही है। इन्होंने आरक्षण के नाम पर भी धोखा दिया। यहां आरक्षण बढ़ाने का प्रचार किया और वहां केंद्र में कुछ भी नहीं किया। BJP ने नंदिनी ब्रांड को ख़त्म करने की कोशिश की। आपको याद होगा कि कांग्रेस के समय दूध उत्पादन इतना था कि हम 'क्षीर भाग्य योजना' के तहत स्कूल के बच्चों को दूध देते थे। यही नहीं दूध के भारी उत्पादन के कारण हम किसानों को भी 5 रुपए/लीटर दूध देते थे।'